भारत के स्टार शटलर सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने बैडमिंटन इतिहास का सबसे तेज स्मैश मारकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया है। सात्विक के इस स्मैश की गति 565 किमी. प्रतिघंटा दर्ज की गई, जो अभी तक किसी पुरुष खिलाड़ी के द्वारा सबसे अधिक है। हाल ही में चिराग शेट्टी के साथ मिलकर इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 का खिताब जीतने वाले सात्विक ने मलेशियाई खिलाड़ी के रिकॉर्ड को ब्रेक कर दिया है।

एक दशक पुराना रिकॉर्ड किया ब्रेक

मलेशिया के टेन बून हियोंग ने मई 2013 में 493 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से स्मैश जड़ा था। उनके इस रिकॉर्ड को एक दशक से उपर हो गया था। सात्विक का स्मैश किसी फॉर्मूला वन कार द्वारा हासिल की गई 372.6 किमी प्रति घंटे की सबसे तेज रफ्तार से भी अधिक तेज था। महिला वर्ग में सबसे तेज बैडमिंटन ‘हिट’ का रिकॉर्ड मलेशिया की टेन पियर्ली के नाम रहा जिन्होंने 438 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से शॉट लगाया था।

जापान की खेल उपकरण निर्माता कंपनी योनेक्स ने कहा है कि हमें यह घोषणआ करते हुए अत्यंत खुशी हो रही है कि योनेक्स बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी (भारत) और टेन पियर्ली (मलेशिया) ने सबसे तेज स्मैश मारने का नया रिकॉर्ड कायम किया है। पुराना रिकॉर्ड जो कि मई 2013 में कायम किया गया था, उसे तोड़ दिया गया है।

मलेशिया की टैन पर्ली ने 438 किमी/घंटा (लगभग 272 मील प्रति घंटे) की उल्लेखनीय गति के साथ सबसे तेज महिला बैडमिंटन हिट का गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाया है।