भारतीय टेनिस स्टार सानिया ने भले ही खेल को अलविदा कह दिया हो लेकिन वह अब भी कारनामे कर रही हैं। सानिया अपने देश में तो हर बड़ा सम्मान हासिल करने वाली खिलाड़ी थी ही अब उन्होंने अपने दूसरे घर यानी दुबई में भी बड़ा सम्मान और जिम्मेदारी हासिल की हैं। एक ओर सानिया को सम्मान मिल रहा है वहीं दूसरी ओर सानिया मिर्जा के एक्स पति शोएब मलिक ट्रोल हो रहे हैं।

सानिया मिर्जा लंबे समय से दुबई में रह रही हैं। सानिया ने वहां अपने लिए घर खरीदा है और बेटे के साथ वहीं रहती हैं। सानिया का बेटा वहीं स्कूल जाता है और फुटबॉल ट्रेनिंग भी लेता है। दुबई सानिया के लिए दूसरा घर हैं। यही कारण है कि शेख हमदान ने उन्हें अहम जिम्मेदारी दी है। सानिया मिर्जा को दुबई का स्पोर्ट्स एंबेसडर बनाया गया है।

मंगलवार को दुबई स्पोर्ट्स रिट्रीट नाम के इवेंट में सानिया शामिल हुईं जहां इसका ऐलान हुआ। सानिया को उनके करीबी लोगों ने इस सम्मान के लिए बधाई दी और सानिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी स्टोरी भी शेयर की है। सानिया के अलावा एमएमए फाइटर खबीब को भी एंबेसडर बनाया गया है। इवेंट के मुताबिक उन खिलाड़ियों को यह सम्मान दिया गया जो कि दुबई को अपना दूसरा घर मानते हैं।

सानिया मिर्जा के तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं वहीं उनके एक्स पति शोएब मलिक को ट्रोल किया जा रहा है। शोएब मलिक ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया था जिसमें वह सउदी अरब के रियाद में इवेंट में शिरकत कर रहे हैं। लोग कमेंट करके शोएब मलिक पर सानिया मिर्जा को कॉपी करने का आरोप लगा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘सानिया मिर्जा को कॉपी मत करो, वह यूएई में हिट हैं।’ वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘सानिया यूएई में हिट हैं तो अब यह कॉपी करके सउदी में हिट होना चाह रहे हैं।’