राजेश राय
टेनिस स्टार सानिया मिर्जा की कोर्ट में वापसी से भारतीय टेनिस जगत में छाया सूनापन समाप्त होगा। सानिया दो साल से अधिक समय से खेल से दूर हैं और भारत में कोई ऐसी महिला खिलाड़ी नहीं है जो उनकी जगह ले सके। वे आखिरी बार 2017 के चाइना ओपन में खेली थी। उसके बाद से मातृत्व अवकाश पर थीं। इस दौरान भारतीय टेनिस जगत को उनकी कमी शिद्दत से महसूस होती रही। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सानिया ही एकमात्र ऐसी भारतीय खिलाड़ी थीं जिनके दम पर देश को महिला टेनिस में पहचान मिलती थी।
33 साल की सानिया बेटे की मां बनी हैं और टेनिस कोर्ट में वापसी के लिए वे अमेरिका की लीजेंड टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स, बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका और अपने ही देश की महिला मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम से प्रेरणा ले सकती हैं। सेरेना और मैरी कॉम दोनों ने मां बनने के बाद खेल में सफल वापसी की और खिताब जीते। सानिया की भी इच्छा है कि वे तोक्यो ओलंपिक में खेलें लेकिन इसके लिए उन्हें कोर्ट पर अपनी वापसी को सार्थक साबित करना होगा। सेरेना और मैरी कॉम की तरह सानिया भी ऐसा कर सकती हैं और खिताबी सफलताएं हासिल कर सकती हैं।
मौजूदा समय में टेनिस में 33 साल की उम्र संन्यास की उम्र नहीं मानी जाती है। सेरेना और उनकी बड़ी बहन वीनस 37 साल से अधिक उम्र की होने के बावजूद खेल रही हैं। सानिया को सिर्फ इतना ही देखना है कि उनकी फिटनेस का स्तर ऊंचा बना रहे क्योंकि टेनिस एक ऐसा खेल है जहां कोर्ट पर खिलाड़ी को लगातार भागना है और उसके पास सांस लेने की भी फुर्सत नहीं होती।
सानिया को अखिल भारतीय टेनिस संघ की चयन समिति ने फेड कप के एशिया ओसनिया जोन ग्रुप ‘ए’ के मुकाबले के लिए घोषित भारतीय टीम में शामिल किया है। फेड कप के लिए छह सदस्यीय भारतीय टीम में अंकिता रैना, रिया भाटिया, ऋतुजा भोसले, करमन कौर थांडी और सानिया मिर्जा को शामिल किया गया है जबकि सौजन्य बावीशेट्टी इस टीम की रिजर्व खिलाड़ी हैं।
सानिया फेड कप टीम में चार साल बाद लौटी हैं और उनके पास यह दिखाने का शानदार मौका रहेगा कि वह इस उम्र में अन्य कई खिलाड़ियों से बेहतर हैं। सानिया आखिरी बार 2016 में फेड कप में खेली थीं। अपने करिअर में 41 युगल खिताब जीत चुकी सानिया ने 2017 में जब टेनिस से ब्रेक लिया था तब उस सत्र में उन्होंने 488,568 डॉलर की कमाई की थी। उनके करिअर का सर्वश्रेष्ठ साल 2015 रहा जिसमें उन्होंने 10 खिताब जीते और 1,566,203 डॉलर की कमाई की थी।

