महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त 2020 की शाम अपने अंदाज में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उन्होंने यह संदेश इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दिया। देर रात उनकी पत्नी साक्षी ने धोनी के लिए एक पोस्ट लिखी। इस पोस्ट को पढ़कर कहा जा सकता है कि धोनी के रिटायरमेंट को लेकर वह भी काफी भावुक हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में जहां एक पति और क्रिकेटर धोनी पर गर्व जताया, वहीं क्रिकेट को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए बधाई भी दी।
साक्षी धोनी अपनी पोस्ट में लिखा, ‘आपने जो हासिल किया है, उस पर आपको गर्व होना चाहिए। खेल को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए बधाई। मुझे आपकी उपलब्धियों और आप पर गर्व है! मुझे यकीन है कि आपने अपने जुनून को अलविदा कहने के लिए आंसुओं के सैलाब को रोका होगा। आपको स्वास्थ्य, खुशी और भविष्य की अद्भुत चीजों की शुभकामना!’ साक्षी ने इस पोस्ट को #thankyoumsd #proud पर टैग भी किया। इसके बाद उन्होंने माया एंजेलो का एक संदेश भी लिखा, ‘लोग आपके द्वारा कही गई बातों को भूल जाएंगे, लोग भूल जाएंगे कि आपने क्या किया था, लेकिन लोग कभी नहीं भूलेंगे कि आपने उन्हें कैसा महसूस कराया।’
बता दें कि कुछ महीने पहले यह साक्षी ही थीं जो धोनी की रिटायरमेंट की खबरों पर भड़क गईं थीं। दरअसल, इस साल मई के आखिर में ट्विटर पर #DhoniRetiers ट्रेंड कर रहा था। इस पर साक्षी के सब्र का बांध टूट गया था। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘यह सब सिर्फ अफवाह है! मैं समझ सकती हूं कि लॉकडाउन ने लोगों को मानसिक रूप से बीमार कर दिया है! #DhoniRetires’ ट्वीट करने वालों जाओ अपना काम करो।’ हालांकि, बाद में उन्होंने इस ट्वीट को अपने आधिकारिक अकाउंट से हटा दिया था।