स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने भारतीय शटलर पी कश्यप से 14 दिसंबर को सादगी भरे अंदाज में शादी रचा ली। दोनों के विवाह में परिवार और नजदीकी लोग ही शामिल रहे। साइना और कश्यप ये दोनों ही टेनिस खिलाड़ी हैदराबाद से हैं। दोनों तकरीबन 10 सालों से रिलेशनशिप में थे। हालांकि कुछ महीनों पहले जब दोनों से कोई इस बारे में पूछता था, तब वह ना तो अपने संबंध की पुष्टि करते ना ही उस पर इनकार जताते थे।

32 वर्षीय कश्यप और 28 वर्षीय साइना के रिलेशन के बारे में लोगों को 2012 में हुए लंदन ओलंपिक्स के दौरान पता लगा था। गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने के बाद साइना ने खुद कश्यप के योगदान का जिक्र भी किया था। पी कश्यप 2014 में कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता रहे हैं। दोनों की मुलाकात 2005 में पुल्लेला गोपीचंद के अंडर में ट्रेनिंग के दौरान हुई थी।

साइना ने 14 दिसंबर की सुबह 11.30 बजे शादी की। यह शादी साइना के साइबराबाद के रायदुर्गम स्थित घर ओरियोन विला में संपन्न हुई। शादी में साइना और कश्यप के परिवार के रिश्तेदारों सहित लगभग 40 मेहमानों ने शिरकत की। मेहमानों में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हा भी मौजूद थे। यह काफी सादा समारोह रहा और अब 16 दिसंबर को रिसेप्शन होगा।