टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा शनिवार 30 अप्रैल को 35 साल के हो गए। इस मौके पर क्रिकेट जगत के तमाम दिग्गजों ने उन्हें बधाई दी। उनकी पत्नी रितिका साजदेह ने भी इंस्टाग्राम पर खास पोस्ट करके शुभकामनाएं दीं। उन्होंने फैमिली की कुछ तस्वीरें शेयर कीं। ये फोटोज सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं। फैंस इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
रितिका ने पोस्ट के कैप्शन देते हुए लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो रो। सैमी और मैं तुमसे बहुत प्यार करते हैं। हमारे हकूना मटाटा होने के लिए धन्यवाद।” बता दें कि हकूना मटाटा पूर्वी अफ्रीका की भाषा स्वाहिली का शब्द है। इसका मतलब ‘सब ठीक है’ या ‘चिंता मत करो’ होता है। रितिका ने पांच फोटोज शेयर की हैं। इसमें रोहित रितिका और बेटी समायरा के साथ समय बिताता दिखाई दे रहे हैं। एक फोटो में वो बेटी समायरा को गले लगाते दिखाई दे रहे हैं।
रोहित शर्मा के करियर की बात करें तो नागपुर में जन्मा क्रिकेटर टी-20 इंटरनेशनल में दुनिया का सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी है। रोहित ने 32.48 के औसत से 3313 रन बनाए हैं। उनके बाद मार्टिन गुप्टिल और विराट कोहली का नंबर है। यह नहीं उनके नाम एकदिवसीय क्रिकेट में तीन दोहरे शतक लगाने का भी रिकॉर्ड है। वह ऐसा करने वाले दुनिया के एकमात्र क्रिकेटर हैं।
इसके अलावा एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड रोहित के नाम है। उन्होंने 2019 आईसीसी विश्व कप में खेले गए कुल 9 मैचों में 5 शतक लगाए। रोहित अब तक 41 अंतरराष्ट्रीय शतक लगा चुके हैं। वनडे में 9283, टेस्ट में 3137 और टी20 में 3313 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट में 8 शतक, वनडे में 29 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4 शतक लगाए हैं।
रोहित को इसी साल टीम इंडिया का टेस्ट कप्तान बनाया गया। पिछले साल के अंत में उन्हें वनडे और टी-20 का कप्तान नियुक्त किया गया था। वह आईपीएल में अब तक अपनी कप्तानी में मुंबई के पांच बार के चैंपियन बना चुके हैं। हालांकि आईपीएल 2022 में टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। टीम अबतक एक भी मैच नहीं जीत पाई है और टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। आठ में आठ मैच हारकर अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है।