राजस्थान पुलिस ने एक लड़की की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया पर उसका उत्पीड़न करने के लिए मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में लड़की ने बताया कि कुछ लोग ट्विटर पर उसकी फोटोज को शेयर करते हुए उसके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। जिस लड़की ने यह शिकायत दर्ज करवाई है उसकी उम्र 26 साल है। दरअसल, मामला भारतीय जिमनास्ट दीपा करमाकर के लिए लड़की द्वारा किए गए एक ट्वीट के बाद उठा। ट्वीट में लड़की ने दीपा का समर्थन करते हुए लिखा था, ‘दीपा ने अबतक शानदार खेल दिखाया। लेकिन रईस देशों के लोग Produnova नहीं करते। वे लोग इसे मौत के कूंए में कूद जाने जैसा मानते हैं। वे लोग इससे आसान वाले वाल्टों को करके प्वाइंट बना लेते हैं। वे लोग आसान वाल्टों को ज्यादा अच्छे से इसलिए कर पाते हैं क्योंकि उन्हें ट्रेनिंग के लिए अच्छा माहौल और चीजें मिली होती हैं। लेकिन भारतीय जिमनास्ट को जान जोखिम में लेकर खतरनाक वाल्ट करके प्वाइंट बनाने पड़ते हैं। आज ओलंपिक के लिए दीपा फिर से जान जोखिम में डालेगी। किसी भी निंदा करने योग्य देश के लिए मेडल के आगे जिंदगी की कोई कीमत नहीं होती।’

लड़की के इस ट्वीट को देखकर लोगों ने उन्हें निशाने पर ले लिया। उसके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल होने लगा। उसे गालियों के अलावा यौन हिंसा की भी धमकियां मिल रही थीं। लड़की ने मदद के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और मंत्री मेनिका गांधी को भी ट्वीट किया था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। लड़की ने ‘निंदा करने योग्य देश’ भारत को कहा था या किसी और देश को इस बात के लिए लड़की से भी पूछताछ हुई है।

Rio 2016 की सारी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें