भारत ने 1983 में पहली बार वनडे विश्व कप जीत कर हर भारतीय क्रिकेट फैन के दिल में अलग ही जुनून पैदा कर दिया था। उस विश्व विजेता टीम इंडिया के कप्तान थे कपिल देव। उस टीम में सुनील गावस्कर, मोहिंदर अमरनाथ और संदीप पाटिल समेत दिग्गज खिलाड़ी शामिल थे। उसी से जुड़ा एक किस्सा रणवीर सिंह ने वीडियो शेयर करते हुए बताया है।
भारत ने 1983 में जो कमाल किया था उसकी विजयगाथा पर फिल्म 83 बनी है। ये फिल्म 24 दिसंबर को थिएटर में रिलीज होगी। इस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह मुख्य किरदार में हैं। वे भारतीय टीम के तत्कालीन कप्तान कपिल देव की भूमिका निभा रहे हैं। उनके अलावा अलग-अलग अभिनेता अलग-अलग खिलाड़ियों के किरदार में दिखेंगे।
इस फिल्म में एक किस्सा दिखाया गया है जिसमें कपिल देव टीम बस में खिलाड़ियों को अंग्रेजी में टिप्स देते नजर आते हैं। उसी को लेकर इस फिल्म के एक कार्यक्रम में कपिल के साथी खिलाड़ी संदीप पाटिल ने पूरा किस्सा सुनाया था। उन्होंने बताया कि उस वक्त कपिल को अंग्रेजी का भूत सवार था।
‘यह क्या कहना चाह रहा है?’
संदीप पाटिल ने पूरा किस्सा सुनाते हुए बताया कि,’उस 1983 वर्ल्ड कप का जो बेस्ट पार्ट था वो था कि हमारे कप्तान साहब (कपिल देव) के सिर अंग्रेजी का भूत चढ़ा था। बात-बात पर वे अंग्रेजी बोलने लगते थे। जब टीम मीटिंग होती थी तब कपिल की अंग्रेजी शुरू होती है। जब मीटिंग के बाद कपिल बाहर जाते थे तब हम सीनियर्स से पूछते थे, यह क्या कहना चाह रहा है?’
इसी बीच फिल्म का भी सीन दिखाया जाता है। जिसमें मजाकिया वाकिया होता है जब कपिल विकेटकीपर सैय्यद किरमानी से कहते हैं आपको कीपिंग करनी है। जवाब में किरमानी कहते हैं,’पर मैं तो हर मैच में वही करता हूं।’ इस मजाकिया वाकिये का वीडियो रणवीर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया है।
इस वीडियो के कैप्शन में ऑन स्क्रीन कपिल देव का किरदार निभाने वाले रणवीर ने लिखा कि,’भाषा नहीं जज्बातों को समझिए।’ उन्होंने इसी के साथ अपनी आगामी फिल्म 83 से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए लिखा कि ये फिल्म तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम में भी रिलीज हो रही है। इसके अलावा 3-डी में भी ये फिल्म रिलीज होगी।