Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी 2023-24 सीजन के एलीट ग्रुप ए के मुकाबले में महाराष्ट्र के खिलाफ झारखंड के कप्तान विराट सिंह ने पहली पारी में शतक लगाया और टीम को संभालने का काम किया। इस मैच में महाराष्ट्र के कप्तान केदार जाधव ने टॉस जीता था और फिर गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। इसके बाद झारखंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में 5 विकेट पर 292 रन बना लिए थे।
विराट सिंह ने खेली शतकीय पारी
महाराष्ट्र के खिलाफ खेल के पहले दिन पहली पारी में झारखंड के कप्तान विराट सिंह ने जूझारू पारी खेलते हुए शतक लगाया और टीम के स्कोर को लगभग 300 तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई। पहली पारी में टीम के स्टार बल्लेबाज सौरव तिवारी बिना खाता खोले ही एक गेंद का सामना करते हुए जीरो पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। इस टीम के लिए ओपनिंग करने आए कुमार देवव्रत ने 31 रन जबकि नाजिम सिद्दकी ने 27 रन की पारी खेली।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कुमार सूरज अपने शतक से 17 रन से चूक गए, लेकिन उन्होंने 156 गेंदों का सामना करते हुए एक छक्का और 11 चौकों की मदद से 83 रन बनाए। इस मुकाबले में टीम के कप्तान विराट सिंह चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे और उन्होंने धैर्यपूर्वक खेलते हुए अपना शतक पूरा किया। विराट सिंह ने 3 छक्के और 8 चौकों की मदद से 108 रन बनाए और इसके लिए उन्होंने 171 गेंदों का सामना किया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक कुमार कुशाग्र 32 रन जबकि अनुकूल राय 2 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। पहले दिन महाराष्ट्र की तरफ से गेंदबाजी करते हुए हितेश वालुंज ने 3 विकेट जबकि आशय पालकर ने 2 विकेट लिए।