Ranji Trophy Final 2019-20, Saurashtra vs Bengal 3rd Day: देश के सबसे बड़े घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी 2019-20 के फाइनल में बंगाल और सौराष्ट्र के बीच जंग जारी है। तीन दिन का खेल पूरा हो चुका है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय बंगाल ने 65 ओवर में 3 विकेट पर 134 रन बना लिए थे। सुदीप चटर्जी 47 और ऋद्धिमान साहा 4 रन बनाकर नाबाद थे।

बंगाल को इस स्कोर तक पहुंचाने में मनोज तिवारी ने भी अहम भूमिका निभाई। मनोज ने 35 रन बनाए। उन्होंने सुदीप के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की। बंगाल की ओर से अभिमन्यु ईश्वरन और सुदीप कुमार घरानी ने पारी की शुरुआत की। ईश्वरन 9 रन पर आउट हो गए। सुदीप कुमार घरानी 26 रन बनाकर आउट हुए।

राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम पर खेले जा रहे इस मैच में सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसकी पहली पारी 425 रन पर ऑलआउट रही। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए धर्मेंद्रसिंह जडेजा 33 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान जयदेव उनादकट ने भी 20 रन की उपयोगी पारी खेली।

इस मैच में दोनों टीमों की कोशिश जीत के साथ घरेलू क्रिकेट के इस सबसे बड़े टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम करने की होगी। सौराष्ट्र की कमान जयदेव उनादकट के हाथों में है। बंगाल की कप्तानी अभिमन्यु ईश्वरन कर रहे हैं।

Live Blog

16:12 (IST)11 Mar 2020
साहा-सुदीप क्रीज पर

आखिरकार सौराष्ट्र को जिसकी तलाश थी, उसे चिराग जैनी ने दिलाया। चिराग जैनी ने 53वें ओवर की दूसरी गेंद पर मनोज तिवारी को एलबीडब्ल्यू कर दिया। मनोज तिवारी ने 35 रन बनाए। मनोज की जगह ऋद्धिमान साहा क्रीज पर आए हैं। सुदीप चटर्जी 46 रन बनाकर खेल रहे हैं।

15:16 (IST)11 Mar 2020
69 रन की साझेदारी पूरी

चायकाल के बाद का खेल शुरू हो चुका है। बंगाल का स्कोर 100 के पार पहुंच चुका है। सुदीप चटर्जी 28 और मनोज तिवारी 33 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 175 गेंदों पर 69 रन की साझेदारी हो चुकी है। हालांकि, बंगाल टीम मैनेजमेंट इनसे और बड़ी पारी की उम्मीद कर रहा होगा।

14:52 (IST)11 Mar 2020
अभी है लंबी लड़ाई

तीसरे दिन चायकाल तक का खेल हो चुका है। बंगाल ने 42 ओवरों में 2 विकेट पर 94 रन बना लिए हैं। सुदीप चटर्जी 24 और मनोज तिवारी 27 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों की बीच 164 गेंद में 59 रन की साझेदारी हो चुकी है। हालांकि. अभी इस जोड़ी को और रन जोड़ने होंगे, क्योंकि सौराष्ट्र के पहली पारी के स्कोर 425 रन के आगे उसका अब तक का स्कोर बहुत कम है।

14:26 (IST)11 Mar 2020
इस तरह निकले आगे

38 ओवरों के खेल के बाद बंगाल का स्कोर 2 विकेट पर 83 रन है। सुदीप चटर्जी 67 गेंद पर 23 और मनोज तिवारी 74 गेंद पर 19 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 139 गेंद पर 48 रन की साझेदारी हो चुकी है। धर्मेंद्रसिंह जडेजा (36वें ओवर) के ओवर में 2 चौके जड़कर सुदीप साथी बल्लेबाजी मनोज तिवारी से आगे निकल गए।

13:44 (IST)11 Mar 2020
29 ओवर में बने 64 रन

लंच के बाद ड्रिंक्स इंटरवल हो चुका है। बंगाल ने 29 ओवर में 2 विकेट पर 64 रन बनाए हैं। मनोज तिवारी 14 और सुदीप चटर्जी 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने 10 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट लिए हैं। जयदेव उनादकट ने 9 ओवर में 22 रन दिए हैं, लेकिन वे एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं।

13:13 (IST)11 Mar 2020
प्रेरक की गजब की गेंदबाजी

लंच के बाद 7 ओवरों का खेल हो चुका है। मनोज तिवारी 9 रन बनाकर खेल रहे हैं। सुदीप चटर्जी का निजी स्कोर अभी 2 रन ही है। उन्होंने 25 गेंदें खेली हैं। लंच के बाद धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने 4 ओवरों में 9 और प्रेरक मांकड़ ने 3 ओवरों में सिर्फ एक रन दिया है।

12:45 (IST)11 Mar 2020
लंच के बाद का खेल शुरू

लंच के बाद का खेल शुरू हो चुका है। सुदीप चटर्जी का साथ देने के लिए मनोज तिवारी क्रीज पर आए हैं। दाएं हाथ का यह बल्लेबाज ऐसे समय मैदान पर उतरा है, जब टीम को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है। देखना दिलचस्प होगा कि वे टीम मैनेजमेंट के भरोसे पर कितना खरा उतरते हैं।

12:37 (IST)11 Mar 2020
कौन देगा सुदीप का साथ?

लंच खत्म होने में अब कुछ ही मिनट का समय रह गया है। लंच के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्रीज पर मौजूद सुदीप चटर्जी का साथ देने के लिए कौन आता है। माना जा रहा है कि मनोज तिवारी या ऋद्धिमान साहा में से कोई एक हो सकता है। 

12:13 (IST)11 Mar 2020
रिव्यू से मिला विकेट

मांकड़ ने बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन को एलबीडब्ल्यू किया। ईश्वरन 46 गेंद में अपने खाते में सिर्फ 9 रन ही जोड़ पाए थे। इस विकेट का फैसला रिव्यू से हुआ। पहले अंपायर ने ईश्वरन को आउट नहीं दिया था, लेकिन डीआरएस के बाद उन्हें अपना फैसला बदलना पड़ा।

12:11 (IST)11 Mar 2020
प्रेरक ने दिलाई दूसरी सफलता

धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने सौराष्ट्र को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने सुदीप कुमार घरामी को विश्वराज जडेजा के हाथों कैच कराया। सुदीप ने 41 गेंद पर 4 चौके की मदद से 26 रन बनाए। सौराष्ट्र को दूसरी सफलता प्रेरक मांकड़ ने दिलाई। 

12:10 (IST)11 Mar 2020
लंच तक 2 विकेट गंवाए

तीसरे दिन लंच तक का खेल हो चुका है। बंगाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभी उसके खाते में 35 रन ही जुड़े थे कि दो बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसमें कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन का विकेट भी शामिल है। सौराष्ट्र की ओर से धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी जलवा दिखाया। 

09:40 (IST)11 Mar 2020
मैच शुरू

नमस्कार। जनसत्ता.कॉम में आपका स्वागत है। रणजी ट्रॉफी फाइनल में तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। सौराष्ट्र के चिराग जैनी और धर्मेंद्रसिंह जडेजा क्रीज पर हैं। तीसरे दिन का पहला ओवर दूसरे दिन 2 विकेट झटकने वाले मुकेश कुमार लेकर आए।