मुंबई गरूड़ की टीम ने पेशेवर कुश्ती लीग के आखिरी राउंड राबिन मैच में गुरुवार को हरियाणा हैमर्स को 4-3 से हराकर अपना अपराजेय रेकार्ड बरकरार रखा और अंकतालिका में शीर्ष पर रही। मुंबई के लिएकप्तान एडेलिन ग्रे, जियोर्जी एस और रितु फोगाट ने अपने-अपने मुकाबले जीते। सबसे पहले राहुल अवारे ने पुरुषों के 57 किलोवर्ग में हरियाणा के नितिन कुमार को 7-2 से हराकर 1-0 से बढ़त बना ली।
चोटिल योगेश्वर दत्त की गैर मौजूदगी में ओकसाना हरहेल ने हरियाणा टीम की कप्तानी की। उन्होंने मुंबई की साक्षी मलिक को महिलाओं के 58 किलोवर्ग में 4-2 से हराया। पुरुषों के 74 किलोवर्ग में लिवान लोपेज एजकु ने हरियाणा को कामयाबी दिलाई जिसने मुंबई के प्रदीप को तकनीकी कौशल के आधार पर 11-0 से हराया। स्कोर जल्द ही 2-2 हो गया जब मुंबई की आइकन खिलाड़ी और कप्तान एडेलिन ग्रे ने हरियाणा की गीतिका जाखड़ को महिलाओं के 69 किलोवर्ग में 7-1 से हराया।
जियोर्जी ने पुरुषों के 125 किलोवर्ग में हरियाणा के हितेंदर को 10-0 से हराया। मुंबई की रितु फोगाट ने महिलाओं के 48 किलोवर्ग में निर्मल देवी को 5-4 से मात दी। पुरुषों के 97 किलोवर्ग में हरियाणा के वालेरी ने मुंबई के ओडिकाजे एलिजबार को हराया। लीग का यह अंतिम मुकाबला था। हरियाणा, पंजाब, मुंबई और बंगलुरु की टीमें अंतिम चार में पहले ही पहुंच चुकी हैं।

