पाकिस्तान सुपर लीग (Pakistan Super League 2021) के दूसरे एलिमिनेटर मुकाबले में पेशावर जाल्मी ने इस्लामाबाद यूनाइटेड को हरा दिया। मंगलवार (22 जून) को अबुधाबी में खेले गए इस मैच को 8 विकेट से जीतकर पेशावर की टीम रिकॉर्ड चौथी बार फाइनल में पहुंची। उसने सबसे ज्यादा फाइनल में पहुंचने के मामले में क्वेटा ग्लेडिएटर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया। क्वेटा की टीम 2016, 2017 और 2019 में फाइनल खेली थी। 2019 में वह चैंपियन बनी थी। पेशावर की टीम 2017, 2018 और 2019 में फाइनल खेली थी। 2017 में उसने खिताब अपने नाम किया था।

फाइनल में पेशावर का मुकाबला मुल्तान सुल्तान्स की टीम से होगा। मुल्तान पहली बार फाइनल में पहुंचा है। उसने क्वालिफायर में इस्लामाबाद यूनाइटेड को हराया था। इस्लामाबाद की टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पर रही थी। वह नॉकआउट मैच में दोनों मैच (क्वालिफायर और एलिमिनेटर-2) नहीं जीत सकी। इस्लामाबाद की टीम 2016 और 2018 में फाइनल में पहुंची थी। दोनों बार उसने खिताब अपने नाम किया था। इस बार पेशावर के पास 4 साल बाद चैंपियन बनने का मौका होगा तो दूसरी तरफ मुल्तान की टीम नई चैंपियन बनने की कोशिश में है।

एलिमिनेटर-2 में पेशावर के कप्तान वराब रियाज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इस्लामाबाद की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 174 रन बनाए। उसके 8 विकेट 110 रन पर गिर चुके थे। यहां से तेज गेंदबाज हसन अली ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 16 गेंद पर 5 चौके और 3 छक्कों की बदौलत 45 रन ठोक दिए। मोहम्मद वसीम जूनियर ने 11 गेंद पर 17 रन बनाए। इससे पहले कॉलिन मुनरो ने 29 गेंद पर 44 रन बनाए। पेशावर के लिए वहाब रियाज और उमैद आसिफ ने 2-2 विकेट लिए।

175 रन के लक्ष्य को पेशावर की टीम 16.5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। उसके लिए अफगानिस्तान के ओपनर हजरतुल्लाह जजई ने 44 गेंद पर 66 रन ठोके। इस दौरान 6 चौके और 4 छक्के लगाए। कामरान अकमल 8 रन ही बना सके। जोनाथन वेल्स 43 गेंद पर 55 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 6 चौके और तीन छक्के लगाए। अनुभवी शोएब मलिक ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंद पर 32 रन ठोक दिए। उनके बल्ले से 5 चौके और एक छक्का निकला। पेशावर की टीम 177 रन बनाकर मैच जीत गई।