पाकिस्तान के घरेलू टी 20 टूर्नामेंट यानी पाकिस्तान सुपर लीग (Pakistan Super League) का पांचवां आज यानी 20 फरवरी 2020 से शुरू हो गया। बेन कटिंग के ऑलराउंड प्रदर्शन से क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने उद्घाटन मैच में इस्लामाबाद यूनाइटेड को 9 गेंदें शेष रहते 3 विकेट से हरा दिया।

क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। इस्लामाबाद यूनाइटेड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 168 रन बनाए। उसकी ओर से डेविड मलान हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 64 रन बनाए। उनके अलावा ल्यूक रोंची ने 23, हसन तलत और आसिफ अली ने 19-19 रन, जबकि फहीम अशरफ ने 20 रनों का योगदान दिया। इनके अलावा उसका कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।

क्वेटा ग्लैडिएटर्स की ओर से मोहम्मद हसनैन सबसे सफल रहे। उन्होंने 25 रन देकर 4 विकेट लिए। बेन कटिंग ने 31 रन देकर 3 विकेट चटकाए। सोहेल खान ने 21 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। मोहम्मद नवाज भी एक विकेट लेने में सफल रहे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने 18.3 ओवर में 7 विकेट पर 171 रन बनाकर मैच जीत लिया।

क्वेटा की ओर से आजम खान हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 33 गेंद पर 59 रन की पारी खेली। उनके अलावा शेन वॉटसन ने 12 गेंद पर 15, सरफराज अहमद ने 18 गेंद पर 21, मोहम्मद नवाज ने 13 गेंद पर 23, सोहेल खान ने 9 गेंद पर 14 और बेन कटिंग ने 12 गेंद पर नाबाद 22 रन बनाए। इस्लामाबाद यूनाइटेड की ओर से मोहम्मद मूसा ने 30 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा आकिफ जावेद, फहीम अशरफ और अमद बट ने भी एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। मोहम्मद हसनैन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Live Blog

01:33 (IST)21 Feb 2020
कटिंग ने इस्लामाबाद को काटा

डिफेंडिंग चैंपियन क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने पाकिस्तान सुपर लीग के पांचवें सीजन में जीत के साथ शुरुआत की। उसने उद्घाटन मैच में दो बार की चैंपियन इस्लामाबाद यूनाइटेड को 9 गेंदें शेष रहते 3 विकेट से हरा दिया। बेन कटिंग ने 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का जड़कर टीम के खाते में जीत डाली। उन्होंने 12 गेंद पर 22 रन बनाए। कटिंग ने गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट भी लिए थे।

01:05 (IST)21 Feb 2020
ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

आजम खान और मोहम्मद नवाज अब तक 16 गेंद पर 39 रन जोड़ चुके हैं। नवाज 9 गेंद पर 21 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं, आजम खान के खाते में 59 रन हैं। उन्होंने 32 गेंदें खेली हैं।

01:00 (IST)21 Feb 2020
29 गेंद पर पूरी की फिफ्टी

शादाब खान 13वां ओवर लेकर आए। इस ओवर में क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने 16 रन बटोरे। इस ओवर में आजम खान ने एक छक्का और 2 चौके लगाए। उन्होंने 29 गेंद पर अपना अर्धशतक भी पूरा किया।

00:54 (IST)21 Feb 2020
सरफराज-आजम की साझेदारी टूटी

12वें ओवर में क्वेटा ग्लैडिएटर्स को बड़ा झटका लगा। उसके कप्तान सरफराज अहमद 18 गेंद पर 21 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सरफराज अहमद ने आजम खान के साथ चौथे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। सरफराज की जगह मोहम्मद नवाज क्रीज पर आए हैं। सरफराज को अमद बट ने एलबीडब्ल्यू किया।

00:48 (IST)21 Feb 2020
54 गेंद 82 रन

क्वेटा ग्लैडिएटर्स को जीत के लिए अभी 54 गेंदों में 82 रनों की जरूरत है। यह आसान लक्ष्य नहीं है। हालांकि, यदि उसके दोनों मौजूदा बल्लेबाज सरफराज अहमद और आजम खान क्रीज पर डटे रहते हैं तो क्वेटा की टीम टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज कर सकती है।

00:44 (IST)21 Feb 2020
10वां ओवर 13 रन

10 ओवर के बाद क्वेटा ग्लैडिएटर्स का स्कोर 3 विकेट पर 80 रन है। 10वें ओवर में आजम खान ने एक छक्का लगाया। वहीं, मिसफील्ड होने के कारण सरफराज अहमद के खाते में भी 4 रन जुड़ गए। इस्लामाबाद यूनाइटेड को ये छोटी-छोटी गलतियां बाद में भारी पड़ सकती हैं।

00:34 (IST)21 Feb 2020
आजम को खेलनी होगी बड़ी पारी

8 ओवर का खेला पूरा हो चुका है। क्वेटा ग्लैडिएटर्स का अर्धशतक पूरा हो चुका है। आजम खान 18 और सरफराज अहमद 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 9वां ओवर अमद बट लेकर आए। उनकी पहली ही गेंद पर आजम खान ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग की ओर छक्का जड़ा दिया। क्वेटा को यदि यह मैच जीतना है तो सरफराज और आजम को बड़ी पारियां खेलनी होंगी।

00:28 (IST)21 Feb 2020
आजम खान ने दिखाए तेज हाथ

आजम खान ने पुल करके छठे ओवर की पांचवीं गेंद को बाउंड्री के पार भेज दिया। यह 15 गेंद बाद चौका आया है। उनके इस चौके से मैदान में मौजूद क्वेटा ग्लैडिएटर्स के फैंस बेहद खुश होंगे।

00:21 (IST)21 Feb 2020
मूसा का जलवा

क्वेटा ग्लैडिएटर्स की हालत पतली करने में मोहम्मद मूसा का बड़ा योगदान है। उन्होंने जेसन रॉय और अहमद शहजाद के विकेट झटके हैं। वहीं शेन वॉटसन जल्दी फैसला नहीं ले पाने के चलते रन आउट हो गए।

00:19 (IST)21 Feb 2020
क्वेटा पर संकट के बादल

क्वेटा ग्लैडिएटर्स की हालत इस समय अच्छी नहीं है। अभी सिर्फ 27 गेंदों का खेल हुआ है और उसके तीन अहम खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके हैं। उसके खाते में भी अभी 26 रन ही जुड़े हैं। आउट होने वाले बल्लेबाज जेसन रॉय, शेन वॉटसन और अहमद शहजाद हैं। वॉटसन ने 12 गेंद पर 15 रन बनाए, जबकि शहजाद 7 रन बनाकर आउट हुए। इस समय क्रीज पर कप्तान सरफराज अहमद के साथ आजम खान हैं।

00:01 (IST)21 Feb 2020
मूसा ने दिलाई पहली सफलता

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्वेटा ग्लैडिएटर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके ओपनर जेसन रॉय पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। वे खाता भी नहीं खोल पाए। उनके आउट होने पर अहमद शहजाद बल्लेबाजी के लिए आए हैं। दूसरे छोर पर शेन वॉटसन मौजूद हैं। इस्लामाबाद यूनाइटेड को पहली सफलता मोहम्मद मूसा ने दिलाई।

23:40 (IST)20 Feb 2020
वॉटसन-जेसन को दिखाना होगा दम

मोहम्मद हसनैन और बेन कटिंग की घातक गेंदबाजी के चलते इस्लामाबाद यूनाइटेड की टीम 20 ओवर बल्लेबाजी नहीं कर पाई। वह 19.1 ओवर में 168 रन बनाकर आउट हो गई। इस तरह क्वेटा ग्लैडिएटर्स कोजीत के लिए 169 रन का लक्ष्य मिला। अब देखना होगा कि क्या शेन वॉटसन, जेसन रॉय, अहमद शहजाद और फवाद अहमद से सजी टीम क्या यह लक्ष्य हासिल कर पाती है या नहीं?

23:35 (IST)20 Feb 2020
एक ओवर में गिरे 2 विकेट

शादाब की जगह अमद बट ने क्रीज संभाली। 19वां ओवर मोहम्मद हसनैन लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर अशरफ ने चौका जड़ दिया। हालांकि, तीसरी गेंद पर उन्होंने अशरफ को जेसन रॉय के हाथों कैच करा दिया। अशरफ ने 4 चौके की मदद से 8 गेंद पर 20 रन बनाए। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर मोहम्मद मूसा ने भी पवेलियन की राह पकड़ ली। सरफराज अहमद ने उनका आसान सा कैच पकड़ा। वे 3 गेंद खेलने के बाद भी खाता नहीं खोल पाए।

23:30 (IST)20 Feb 2020
7 बल्लेबाज आउट

18वां ओवर बेन कटिंग लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर फहीम अशरफ ने 2 रन लिए। इसके बाद अगली 3 गेंदों पर 3 चौके जड़े। ओवर की आखिरी गेंद खेलने के शादाब खान आए। कटिंग ने बोल्ड कर दिया। इस तरह कटिंग ने एक तरह से चौके की हैट्रिक की भरपाई की।

23:23 (IST)20 Feb 2020
शादाब-असरफ क्रीज पर

आसिफ के आउट होने पर फहीम असरफ इस्लामाबाद यूनाइटेड की पारी आगे बढ़ाने आए। उन्होंने और शादाब खान ने मिलकर 17वें ओवर की बाकी पांच गेंदों पर 7 रन बनाए। 17 ओवर बाद इस्लामाबाद यूनाइटेड का स्कोर 6 विकेट पर 148 रन था।

23:20 (IST)20 Feb 2020
आसिर्फ 13 गेंद 19 रन

मलान का विकेट गिरने के बाद इस्लामाबाद यूनाइटेड के कप्तान शादाब खान क्रीज पर आए। मलान को बेन कटिंग ने पवेलियन की राह दिखाई थी। 16वां ओवर फवाद अहमद लेकर आए। उनके इस ओवर में आसिफ अली ने 2 चौके जड़े। इस्लामाबाद यूनाइटेड ने इस ओवर में 13 रन बनाए। 17वां ओवर मोहम्मद हसनैन लेकर आए। उनकी पहली ही गेंद पर आसिफ अली डीप कवर में अब्दुल नासिर के हाथों कैच आउट हो गए। आसिफ ने 2 चौके की मदद से 13 गेंद पर 19 रन बनाए।

23:12 (IST)20 Feb 2020
मलान भी पवेलियन लौटे

इनग्राम की जगह आसिफ अली ने क्रीज संभाली है। 14वां ओवर फवाद अहमद लेकर आए। इस ओवर में आसिफ अली और डेविड मलान ने मिलकर कुल 6 रन बनाए। हालांकि, 15वें ओवर में इस्लामाबाद यूनाइटेड को बड़ा झटका लगा। अर्धशतक बनाकर खेल रहे डेविड मलान जेसन रॉय के हाथों कैच आउट हो गए। उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 40 गेंद पर 64 रन बनाए। 

23:03 (IST)20 Feb 2020
इस बार नहीं चूके नासिर

तलत की जगह आए कॉलिन इनग्राम भी कोई कमाल नहीं दिखा पाए। वे 6 रन के निजी स्कोर पर बेन कटिंग का शिकार बने। कटिंग की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर अब्दुल नासिर ने उनका कैच पकड़ा। यह कैच पकड़कर नासिर ने रोंची के छोड़े कैच की जरूर भरपाई की होगी।

22:54 (IST)20 Feb 2020
तलत पवेलियन लौटे

हुसैन तलत तेजी से रन बनाने में खुद को असहज महसूस कर रहे थे। उन्होंने 21 गेंद पर 19 रन ही बनाए थे। अब्दुल नासिर 12वां ओवर लेकर आए। इसकी पहली ही गेंद को तलत ने उठाकर मारने की कोशिश की, लेकिन पॉइंट के पीछे अहमद शहजाद ने उन्हें लपक लिया। वे  22 गेंद पर 19 रन बनाकर आउट हुए। तलत की जगह कॉलिन इनग्राम क्रीज पर आए हैं।

22:50 (IST)20 Feb 2020
इस्लामाबाद यूनाइटेड का शतक पूरा

इंग्लैंड के डेविड मलान ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 10वें ओवर में छक्का जड़ा। उन्होंने 11वें ओवर में छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही इस्लामाबाद यूनाइटेड का स्कोर भी 100 के पार पहुंच गया। 10.2 ओवर में इस्लामाबाद यूनाइटेड का स्कोर 2 विकेट पर 102 रन है।

22:42 (IST)20 Feb 2020
14 गेंद बाद लगा चौका

फवाद अहमद आठवां ओवर लेकर आए। इस ओवर की चौथी गेंद पर डेविड मलान ने चौका मारा। मैच में 14 गेंद बाद यह बाउंड्री लगी है। आखिरी गेंद पर हुसैन तलत ने भी अपनी पहली बाउंड्री लगाई।

22:33 (IST)20 Feb 2020
गेंद बाउंड्री पार

छठा ओवर ऑस्ट्रेलिया के बेन कटिंग लेकर आए। कटिंग की पहली ही गेंद को डेविड मलान ने बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। इसके साथ ही इस्लामाबाद ग्लैडिएटर्स का अर्धशतक भी पूरा हो गया। मलान इस समय 4 चौके की मदद से 14 गेंद पर 23 रन बनाकर खेल रहे हैं।

22:26 (IST)20 Feb 2020
रोंची गॉन, तलत इन

ल्यूक रोंची तेजी से रन बनाने के चक्कर में कैच आउट हो गए। उनके आउट होने से इस्लामाबाद यूनाइटेड को बड़ा झटका लगा है। रोंची ने 4 चौके और एक छक्के की मदद से 13 गेंद पर 23 रन बनाए। रोंची सोहेल खान की गेंद पर बैकवर्ड पॉइंट पर अहमद शहजाद के हाथों कैच आउट हुए। रोंची की जगह हुसैन तलत क्रीज पर आए हैं।

22:22 (IST)20 Feb 2020
लॉन्ग ऑफ पर जड़ा छक्का

ल्यूक रोंची ने टूर्नामेंट का पहला छक्का लगाया। उन्होंने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर सोहेल खान को छक्का जड़ा। उन्होंने अगली गेंद पर फिर लॉन्ग ऑफ पर छक्का लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद एक टप्पा खाकर बाउंड्री के पार गई। 

22:13 (IST)20 Feb 2020
खराब फील्डिंग

पाकिस्तान की ओर से दूसरा ओवर सोहेल खान लेकर आए। उनकी पहली ही गेंद पर डेविड मलान ने चौका जड़ दिया। पांचवीं गेंद पर अब्दुल नासिर ने डीप स्क्वायर लेग पर ल्यूक रोंची का कैच छोड़ दिया। वे कैच छोड़ने के बाद गेंद को फील्ड भी नहीं कर पाए और चौका हो गया।

22:06 (IST)20 Feb 2020
5 रन, एक विकेट

कॉलिन मुनरो की जगह डेविड मलान क्रीज पर आए। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। ओवर की चौथी गेंद पर रोंची ने चौका जड़ दिया। हालांकि, आखिरी 2 गेंदों पर वे एक भी रन नहीं बना पाए। 

22:02 (IST)20 Feb 2020
मुनरो को गोल्डन डक

इस्लामाबाद यूनाइटेड की ओर से ल्यूक रोंची और कॉलिन मुनरो ने पारी की शुरुआत की। कॉलिन मुनरो ने टूर्नामेंट की पहली गेंद खेली। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद नवाज ने पहला ओवर फेंका। नवाज ने पहली ही गेंद पर मुनरो को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। उन्होंने मुनरो का कैच खुद ही पकड़ लिया।

21:53 (IST)20 Feb 2020
क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने वॉटसन-रॉय पर जताया भरोसा

क्वेटा ग्लैडिएटर्स : सरफराज अहमद (कप्तान/विकेटकीपर), शेन वॉटसन, जेसन रॉय, अहमद शहजाद, फवाद अहमद, अब्दुल नासिर, बेन कटिंग, मोहम्मद नवाज, आजम खान, सोहेल खान, मोहम्मद हसनैन।

21:47 (IST)20 Feb 2020
इस्लामाबाद यूनाइटेड की प्लेइंग इलेवन

इस्लामाबाद यूनाइटेड : शादाब खान (कप्तान), ल्यूक रोंची (विकेटकीपर), कॉलिन मुनरो, डेविड मलान, कॉलिन इनग्राम, हुसैन तलत, आसिफ अली, अमद बट, फहीम अशरफ, आकिफ जावेद, मोहम्मद मूसा।

21:15 (IST)20 Feb 2020
मैदान पर पहुंचे अंपायर

टॉस के लिए अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और फैसल अफरीदी मैदान पर पहुंच चुके हैं। थर्ड अंपायर इम्तियाज इकबाल हैं। थोड़ी देर में ही टॉस होने वाला है। टॉस के समय ही दोनों टीमें अपनी-अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान करेंगी।

21:08 (IST)20 Feb 2020
जेसन रॉय क्या दिखाएंगे बल्ले से कमाल?

जेसन रॉय ने हाल ही में खत्म हुई T20 इंटरनेशनल सीरीज में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उसमें उन्होंने तीन मैचों में दो अर्द्धशतक के साथ 117 रन बनाए थे। इस मैच में भी वे कमाल दिखा सकते हैं।

20:59 (IST)20 Feb 2020
बनेंगे क्या 200 से ज्यादा रन?

कराची के नेशनल स्टेडियम की पिच के पूरी तरह से बल्लेबाजों के पक्ष में जाने की उम्मीद है। फैंस को यहां दो दिग्गजों के बीच ताबड़तोड़ बल्लेबाजी देखने को मिल सकती है। इस मैदान ने अब तक कुल 4 मैचों की मेजबानी की है। उनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 200+ रन बनाने में सफल रही है। लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को अधिकांश मौकों पर हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में भी कुछ ऐसा ही संघर्ष देखने को मिल सकता है।

20:07 (IST)20 Feb 2020
पहले बल्लेबाजी करने वालों के लिए मुफीद है पिच

कराची में पहले बल्लेबाजी के लिए आदर्श है। इस मैदान पर पहली पारी में औसत स्कोर 191 रन है। इस ट्रैक पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों में से 80% ने मैच में बाजी मारी है।