PSL 2020 LHQ vs MS (Lahore Qalandars vs Multan Sultans): पाकिस्तान सुपर लीग (Pakistan Super League) 2020 के दूसरे दिन दूसरा मुकाबला लाहौर कलंदर्स और मुल्तान सुल्तांस के बीच खेला गया। पहले गेंदबाजों और फिर बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर मुल्तान सुल्तांस ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

मुल्तान सुल्तांस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने वाली लाहौर कलंदर्स ने क्रिस लिन (19 गेंद 39 रन) और कप्तान सोहेल अख्तर (30 गेंद, 34 रन) की मदद से 20 ओवर में 8 विकेट पर 138 रन बनाए। मुल्तान सुल्तांस की ओर से इमरान ताहिर, मोहम्मद इलियास और मोइन अली ने 2-2 विकेट लिए। सोहेल तनवीर भी एक विकेट लेने में सफल रहे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुल्तान सुल्तांस ने 16.1 ओवर में 5 विकेट पर 142 रन बनाकर मैच जीत लिया। उसकी इस जीत में कप्तान शान मसूद ने अहम भूमिका निभाई। वे टीम के हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 29 गेंद पर 38 रन बनाए। उनके अलावा रीले रोसौव ने 28 गेंद पर 32 रन की पारी खेली। शाहिद अफरीदी ने 2 चौके और एक छक्के की मदद से  12 गेंद पर 21 रन बनाकर टीम को जिताने में भूमिका निभाई।

पिछले सीजन में मुल्तान सुल्तांस पांचवें स्थान पर रही थी। वहीं, लाहौर कलंदर्स तालिका में आखिरी स्थान पर रही थी। दोनों ही टीमें एक बार भी फाइनल में नहीं पहुंच पाईं हैं।

PSL 2020 Match 3 Live Score, Lahore Qalandars vs Multan Sultans Playing 11 LIVE Updates: ये है दोनों की प्लेइंग इलेवन

Live Blog

23:12 (IST)21 Feb 2020
शान-रोसौव क्रीज पर जमे

शान मसूद और रेली रोसौव तीसरे विकेट के लिए अब तक 23 गेंद पर 35 रन जोड़ चुके हैं। शान मसूद 26 गेंद पर 35 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं, रोसौव ने 9 गेंद पर 9 रन बनाए हैं। गेंदबाजी आक्रमण की कमान हारिस रऊफ और मोहम्मद हफीज ने संभाल रखी है, लेकिन दोनों ही जोड़ी को अब तक तोड़ने में सफल नहीं हो पाए हैं।

22:56 (IST)21 Feb 2020
मोइन अली पवेलियन लौटे

सुल्तांस को दूसरा झटका लग चुका है। पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर मोइन अली रन आउट हो गए। मोइन ने 8 गेंद पर 11 रन बनाए। मोइन की जगह रेली रोसौव आए। पांचवां ओवर दिलबर हुसैन ने फेंका। हुसैन की आखिरी गेंद पर मसूद ने चौका जड़ दिया।

22:40 (IST)21 Feb 2020
विंसे ने जड़े 2 चौके, एक छक्का

शाहीन अफरीदी ने लाहौर कलंदर्स को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने अपने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर डेविड विंसे को बोल्ड किया। विंसे ने 2 चौके और एक छक्के की मदद से 9 गेंद पर 18 रन बनाए। विंसे की जगह मोइन अली बल्लेबाजी करने आए हैं।

22:30 (IST)21 Feb 2020
वाइड से शुरुआत

139 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुल्तान सुल्तांस का वाइड से खाता खुला। कलंदर्स की ओर से शाहीन अफरीदी पहला ओवर लेकर आए। उनकी पहली दोनों गेंदें वाइड रहीं। सुल्तांस की ओर से शान मसूद डेविड विंसे ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले ओवर में 2-2 रन बनाए।

22:10 (IST)21 Feb 2020
20 ओवर में 138 रन

आखिरी ओवर सोहेल तनवीर ने फेंका। इस ओवर में सोहेल अख्तर ने 2 छ्क्के लगाए। उनके 2 छक्के की मदद से लाहौर कलंदर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 138 रन बनाए। इस तरह मुल्तान सुल्तांस को जीत के लिए 139 रन बनाने होंगे। टी20 के हिसाब से यह लक्ष्य बड़ा नहीं है। ऐसे में यह देखना रोचक होगा कि क्या कलंदर्स के गेंदबाज यह मैच अपने नाम करा पाएंगे।

22:02 (IST)21 Feb 2020
खाता नहीं खोल पाए रऊफ

सोहेल अख्तर ने 19वें ओवर की पहली ही गेंद पर मोहम्मद इलियास को मिड-विकेट के ऊपर छक्का जड़ दिया। हालांकि, दूसरी गेंद पर वे बीट हो गए। वे विकेट के पीछे कैच आउट होने से बचे। तीसरी गेंद पर उन्होंने एक रन लिया। चौथी गेंद पर हारिस रऊफ शॉट नहीं लगा पाए, लेकिन बाई का एक रन जरूर चुरा लिया। पांचवीं गेद पर सोहेल अख्तर ने फिर एक रन ले लिया। आखिरी गेंद इलियास ने फुल टॉस फेंकी। रऊफ ने इस पर लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का लगाने की कोशिश की, लेकिन वहां शाहिद अफरीदी के हाथों लपके गए।

21:54 (IST)21 Feb 2020
अफरीदी कॉट एंड बोल्ड

18वां ओवर सोहेल तनवीर लेकर आए। तनवीर की पहली गेंद पर सोहेल अख्तर कोई रन नहीं बना पाए। दूसरी गेंद को एक्स्ट्रा कवर पर खेलकर एक रन लिया। तीसरी गेंद खेलने के लिए शाहीन शाह अफरीदी आए। उन्होंने लंबा शॉट खेलने की सोची, लेकिन गेंद सही तरीके से बल्ले पर आई नहीं और ऊंची उठ गई। फॉलोथ्रू में तनवीर ने उनका कैच पकड़ने में कोई गलत नहीं की। अफरीदी की जगह हारिस रऊफ बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

21:48 (IST)21 Feb 2020
16 ओवर 110 रन

आखिरकार 17 गेंद बाद लाहौर कलंदर्स चौका लगाने में सफल रहे। मोहम्मद इलियास की गेंद पर सोहेल अख्तर ने गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया। 16 ओवर के बाद कलंदर्स का स्कोर 6 विकेट पर 110 रन था।

21:43 (IST)21 Feb 2020
विसे भी आउट हुए

इस समय क्रीज पर सोहल अख्तर और शाहीन शाह अफरीदी हैं। 15 ओवर में लाहौर कलंदर्स ने 5 विकेट पर 101 रन बनाए। 16वां ओवर मोहम्मद इलियास ने फेंका। उन्होंने अपनी तीसरी ही गेंद पर विसे को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। विसे 5 गेंद पर 3 रन ही बना पाए। इलियास ने उन्हें बोल्ड आउट किया। विसे की जगह बाएं हाथ के बल्लेबाज शाहीन शाह अफरीदी क्रीज पर आए हैं।

21:34 (IST)21 Feb 2020
कलंदर्स अभी चुके नहीं

इस मैदान पर 160 से ज्यादा का लक्ष्य का पीछा करते हुए टी20 में कोई भी टीम जीत नहीं पाई है। ऐसे में यदि कलंदर्स किसी तरह से यह आंकड़ा पार करने में सफल रहे तो सुल्तांस के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है।

21:29 (IST)21 Feb 2020
डेन बोल्ड

इमरान ताहिर ने डेन विलास का भी शिकार कर लिया। उन्होंने अपने चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर डेन को बोल्ड कर दिया। डेन ने 3 चौके की मदद से 14 गेंद पर 19 रन की पारी खेली। डेन की जगह दाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड विसे क्रीज पर आए।

21:26 (IST)21 Feb 2020
चौथा विकेट गिरा

दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर ने मोहम्मद हफीज और डेन विलास की साझेदारी तोड़ दी। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 26 रन जोड़े ही थे कि हफीज एक्स्ट्रा कवर पर शान मसूद के हाथों लपक लिए गए।

21:19 (IST)21 Feb 2020
डेन-हफीज क्रीज पर

बेन के आउट होने पर डेन विलास क्रीज पर आए। दूसरे छोर पर मोहम्मद हफीज मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाज संभलकर खेलते हुए कलंदर्स की पारी आगे बढ़ा रहे हैं। डेन ने 9 गेंद पर 13 रन बना लिए हैं। हफीज थोड़ा धीमे खेल रहे हैं। हालांकि, समय आने पर वे बड़े शॉट खेलने में सक्षम हैं।

21:07 (IST)21 Feb 2020
बेन को लगा अफरीदी का डंक

सातवां ओवर शाहिद अफरीदी लेकर आए। उनके इस ओवर में कलंदर्स सिर्फ 2 रन बना पाए। आठवां ओवर मोइन अली ने फेंका। इस ओवर की पहली गेंद पर शाहिद अफरीदी के थ्रो पर मोइन अली ने बेन डंक को रन आउट कर दिया। वे 5 गेंद में 3 रन बनाकर आउट हुए।

21:03 (IST)21 Feb 2020
दोनों ओपनर आउट

तेजी से बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहे लाहौर कलंदर्स को 3 गेंद में 2 झटके लगे हैं। पहले पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर क्रिस लिन 19 गेंद पर 39 रन बनाकर मोइन अली का शिकार बन गए। चौथी गेंद पर फखर जमान भी खुशदिल को अपना कैच थमा बैठे। फखर ने 14 गेंद में 19 रन बनाए।

20:50 (IST)21 Feb 2020
दिखाए तेज हाथ

धीमी शुरुआत के बाद फखर जमान और क्रिस लिन ने तेज हाथ दिखाने शुरू कर दिए हैं। लिन ने जहां दूसरे ओवर में लगातार 2 चौके जड़े। वहीं, फखर ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़ा। इसके बाद तीसरी और पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ा। 

20:39 (IST)21 Feb 2020
पहले ओवर में 3 रन

लाहौर कलंदर्स की ओर से फखर जमान और क्रिस लिन ने पारी की शुरुआत की। मुल्तान सुल्तांस की ओर से सोहेल तनवीर पहला ओवर लेकर आए। उनके पहले ओवर में फखर और लिन कुल 3 रन ही बना पाए।

20:29 (IST)21 Feb 2020
दूसरे मैच में कराची जीता

पाकिस्तान सुपर लीग का दूसरा मैच कराची किंग्स और पेशावर जालमी के बीच खेला गया। जिसमें बाबर आजम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया। उन्होंने 56 गेंद पर 78 रन बनाए। कराची किंग्स ने 10 रन से मैच जीत लिया।

20:20 (IST)21 Feb 2020
4 ऑलराउंडर के साथ उतरी मुल्तान सुल्तांस

मुल्तान सुल्तांस : शान मसूद (कप्तान), इमरान ताहिर, जेम्स विंस, खुशदिल शाह, मोइन अली, मोहम्मद इलियास, मोहम्मद इरफान, रेली रोसौव, शाहिद अफरीदी, सोहेल तनवीर, जीशान अशरफ।

20:20 (IST)21 Feb 2020
लाहौर कलंदर्स की प्लेइंग इलेवन

लाहौर कलंदर्स : सोहेल अख्तर (कप्तान), बेन डंक (विकेटकीपर), क्रिस लिन, डेविड विसे, दिलबर हुसैन, फखर जमान, हारिस रऊफ, जाहिद अली, मोहम्मद हफीज, शाहीन अफरीदी, उस्मान शिनवारी।

19:54 (IST)21 Feb 2020
बल्लेबाजी चुनने वाली टीम को फायदा

थोड़ी ही देर में टॉस होने वाला है। टॉस के समय ही दोनों टीमें अपनी-अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान करेंगी। इस मैच में क्रिस लिन और फखर जमान ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर सकते हैं। टॉस जीतने वाली टीम बल्लेबाजी चुन सकती है।

19:47 (IST)21 Feb 2020
पलड़ा बराबर

मुल्तान सुल्तांस की कमान शान मसूद के हाथों में है। इसमें ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी हैं। सुल्तान और कलंदर्स ने अब तक चार बार एक दूसरे का सामना किया है। दोनों ही टीमें 2-2 मैच जीतने में सफल रही हैं।

19:45 (IST)21 Feb 2020
सोहेल दिखा पाएंगे कमाल?

ऑलराउंडर सोहेल अख्तर लाहौर कलंदर्स के अगुआ हैं। उन्हें कप्तान के रूप में नियुक्त करने के फैसले ने कई लोगों को चौंकाया था। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज फखर जमान भी जलवा बिखरेने को तैयार हैं। हारिस रऊफ और शाहीन शाह अफरीदी की तेज-गेंदबाजी जोड़ी मुल्तान के सुल्तांस के लिए परेशानी पैदा कर सकती है।