पेशेवर कुश्ती लीग का गुरुवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में हुई शुरुआत ने यकीनन पहलवानों को उत्साहित किया होगा। हालांकि इस पेशेवर लीग में कई बार गैरपेशेवर चीजें भी देखने को मिलीं जो आमतौर पर स्थानीय कुश्ती के मुकाबलों में देखने को मिलती है। इसकी वजह से कई बार लीग का रंग धुंधला भी पड़ा लेकिन इसके बावजूद दर्शकों की भीड़ से आोयजकों का मनोबल बढ़ा होगा। गुरुवार से ही अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर टेनिस लीग (आइपीटीएल) भी शुरू हुई लेकिन प्रो कुश्ती लीग की चमक के आगे आइपीटीएल की चमक धुंधली दिखाई दी। टूर्नामेंट के पहले दिन काफी अव्यवस्था भी दिखी। इस देसी खेल को देखने लिए स्टेडियम में बड़ी तादाद में लोग थे जबकि आइपीटीएल में दर्शकों का टोटा था। न तो वीआइपी स्टैंड ही भरे थे और न ही आम दर्शक। दूसरी तरफ कुश्ती देखने के लिए लोगों की अच्छी खासी तादाद मौजूद थी। प्रो कुश्ती लीग फ्रेंचाइजी के मालिक धर्मेंद्र और उनके बेटे बाबी देओल तो थे ही, भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी और सुधांशु मित्तल भी कुश्ती का लुत्फ उठाने में किसी से पीछे नहीं थे।
गुरुवार को शुरुआती मुकाबले में मुंबई गरूड़ और पाजंब रायल्स के पहलवानों ने अखाड़े में अपने-अपने दांव आजमाए। पहला मुकाबला गंवाने के बाद मुंबई के पलवानों ने वापसी की और मुकाबला 5-2 से जीता। ओलंपियन और भारत की स्टार महिला पहलवान गीता फोगाट की हार चौंकाने वाली रही। पंजाब की इस पहलवान को मुबंई की साक्षी मलिक ने हरा कर सनसनी फैलाई। वैसे गुरुवार का दिन भारतीय पलवानों का नहीं रहा। विदेशी पहलवानों ने उन्हें धूल चटा कर भारतीय कुश्ती प्रशंसकों को सकते में डाला। बेस्ट आफ सेवन बाउट के इस मुकाबले में गीता की हार हैरानी करने वाली रही। निर्धारित समय के बाद महिलाओं के 58 किग्रा वर्ग का यह मुकाबला 8-8 से बराबर था लेकिन साक्षी ने लगातार अधिक अंक बनाने के कारण जीत दर्ज की। गीता की हार के साथ मुंबई की टीम ने 4-2 की निर्णायक बढ़त बना ली थी। पंजाब के व्लादिमीर खिनचेगाशवली ने मुंबई के राहुल अवारे को पुरुषों के 57 किग्रा में 6-0 से हरा कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। लेकिन दूसरे मुकाबले में महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग में मुंबई की नाईजीरियाई पहलवान ओदुनाया अदेकोरे ने प्रियंका फोगाट को 10-2 से हराकर मुंबई को बराबरी दिला दी। पुरुषों के 74 किग्रा में पंजाब के प्रवीण राणा ने मुंबई के प्रदीप को हराकर अपनी टीम को 2-1 से आगे किया। लेकिन मुंबई की आइकन पहलवान एडेलिन गे्र ने महिलाओं के 69 किग्रा से अधिक वर्ग में पंजाब की वासिलिसा मारजालिक को हराकर मुंबई को बराबरी दिलाई। ओदिकाजे एलिजबार ने पुरुषों के 97 किग्रा में भारत के मौसम खत्री को हराकर मुंबई को 3-2 की बढ़त दिलाई जबकि साक्षी ने मुंबई की जीत सुनिश्चित की। दिन का अंतिम मुकाबला में पुरुषों के 125 किग्रा में मुंबई के लेवान बेरियानडिजे और पंजाब केजरगलसाखान से हुआ। मुंबई के पहलवान ने मुकाबला 2-1 से जीता।
शनिवार को दिल्ली के वीरों का मुकाबला हरियाणा हैमर्स से होगा। शुक्रवार को दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार उत्तर प्रदेश टीम के लिए अखाड़े में नहीं उतरे। वैसे यह कयास तो लगाए जा रहे थे कि ओलंपिक की तैयारियों में जुटे सुशील शायद ही इस पेशेवर लीग में अपनी चमक बिखेरें। शुक्रवार को वे अखाड़े में नहीं उतरे। अब लोगों को शनिवार को होने वाले मुकाबले पर निगाहें रहेंगी, जिसमें हरियाणा की तरफ से ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त को अखाड़े पर उतरना है। उनके प्रदर्शन पर बहुतों की नजर टिकी हैं। वे नवरूजोव के खिलाफ अखाड़े में उतरेंगे। दिल्ली वीर को इस मुकाबले में अपनी आइकन खिलाड़ी विनेश फोगट सहित विदेशी खिलाड़ियों से काफी उम्मीदें हैं। नवरूजोव ने इस साल लास वेगास में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। एशियाई स्वर्ण पदक विजेता योगेश्वर और नवरूजोव के बीच बेहतरीन येसिलमेक एलिफ जेल, विनेश, गुरपाल, फ्रेडेनबात बेखबायर पर भी निगाहें रहेंगी। दिल्ली वीर के कोच सुजीत मान ने कहा कि पहला मुकाबला जीतना काफी महत्त्वपूर्ण रहेगा, जीत हमें लीग में बेहतर करने को प्रेरित करेगी।