भारतीय युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ काफी समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। खराब फॉर्म और विवादों की वजह से सुर्खियों में रहे। अब टीम इंडिया में वापसी के लिए उन्होंने चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे की तरह काउंटी क्रिकेट में खेलने का फैसला किया। नॉर्थेम्प्टशायर के लिए अपने पहले मैच में शॉ बेहद ही अजीब तरीके से आउट हो गए।
पृथ्वी शॉ ने ग्लोसेस्टरशायर के खिलाफ खेला था डेब्यू मैच
पृथ्वी शॉ ने शुक्रवार को नॉर्थम्पटनशायर के लिए पहला मुकाबला खेला। ग्लोसेस्टरशायर के खिलाफ उन्होंने सधी हुई शुरुआत की और 35 गेंदों पर 34 रन भी बना लिए थे। इसके बाद पॉल वैन मीकरन 16वां ओवर करने आए जिसमें पृथ्वी शॉ अजीब तरीके से आउट हो गए।
हिट विकेट हुए शॉ
पॉल की बाउंसर गेंद पर शॉ पुल शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे। गेंद उनके सिर के ऊपर से जा रही थी और शॉट खेलने की कोशिश में वह अपना संतुलन खो बैठे और गिर गए। गिरते हुए उनके पैर स्टंप्स से जा लगे और वह हिट विकेट हो गए। शॉ को इसके बाद वापस जाना पड़ा।
शॉ लगातार विवादों में फंसे हैं
साल की शुरुआत में शॉ इंफ्लूएंसर सपना गिल के साथ लड़ाई के कारण विवाद में आ गए थे। इसके बाद आईपीएल में भी शॉ कुछ खास नहीं कर पाए। उन्होंने 8 मैचों की 8 पारियों में महज 106 रन बनाए थे। उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला था और 54 रन उनका बेस्ट स्कोर था। काउंटी डेब्यू से पहले पृथ्वी शॉ ने वॉर्म-अप मैच खेला था जिसमें इंट्रा स्क्वाड के लिए खेलते हुए शॉ ने स्टीलबैक्स के खिलाफ आक्रामक अर्धशतकीय पारी खेली थी। शॉ के बल्ले से 39 गेंदों में 65 रनों की शानदार पारी देखने को मिली थी।