इंग्लैंड में क्वारंटीन पीरियड पूरा कर रहे पृथ्वी शॉ ने साथी क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव की शिकायत की है। चौंकिए नहीं, इसे लेकर उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी शेयर किया है। सूर्यकुमार यादव भी इस समय क्वारंटीन में हैं। दोनों ही मुंबई के रहने वाले हैं। हालांकि, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पृथ्वी शॉ जहां ऋषभ पंत की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। वहीं, सूर्यकुमार यादव की गिनती रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस के भरोसेमंद बल्लेबाजों में होती है।

दोनों श्रीलंका गई भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा थे। इंग्लैंड में शुभमन गिल, मयंक अग्रवाल समेत कई अन्य खिलाड़ियों के घायल होने के बाद सूर्यकुमार यादव और पृथ्वी शॉ को टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। दोनों का अभी क्वारंटीन खत्म नहीं हुआ है, इसलिए दोनों लॉर्ड्स में 12 अगस्त से होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं। पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो शेयर किया है, उसमें सूर्यकुमार यादव भी दिख रहे हैं। दरअसल, इन दोनों ही स्टार बल्लेबाजों ने आमिर खान (Aamir Khan) और सलमान खान (Salman Khan) की मिमिक्री की है।

दोनों आमिर और सलमान की मूवी अंदाज अपना अपना (Andaz Apna Apna) के डॉयलॉग बोलते दिख रहे हैं। वीडियो में पृथ्वी सूर्यकुमार की ओर इशारा करते हुए कहते हैं, ‘सर ये आपकी शक्ल पर जा रहा है। सर ये आपको उल्लू समझ रहा है।’ इस पर सूर्यकुमार कहते हैं, ‘उल्लू! आइल्ला। सर आपको उल्लू बोला। आपको गाली दी। अरे उल्लू, गधा, बेवकूफ तो मैं भी बोल सकता था, लेकिन मैंने बोला, नहीं नहीं, क्योंकि मैं जानता हूं, जो आप शक्ल से दिखते हैं, वह हैं नहीं। हा हा हा।’

यही वीडियो सूर्यकुमार यादव ने भी अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत पसंद किया जा रहा है। उनका यह वीडियो थोड़ी ही देर में वायरल हो गया। दो घंटे के भीतर ही वीडियो पर एक लाख 60 हजार से ज्यादा लाइक्स और करीब 2200 कमेंट्स आ चुके थे।

कमेंट्स करने वालों में राशिद खान, युजवेंद्र चहल, नमन ओझा, धर्मेंद्र सिंह जडेजा, प्रसिद्ध न्यूट्रिनिस्ट किनिता कादाकिया पटेल (Kinita Kadakia Patel) भी शामिल हैं। किनिता पटेल ने तो सूर्यकुमार यादव को एक्टर भी बता डाला।

सूर्यकुमार यादव ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए इसके कैप्शन में लिखा, ‘पृथ्वी शॉ सर आप पुरुष ही नहीं, महापुरुष हैं।’ इसके बाद उन्होंने हंसने वाली इमोजी पोस्ट की। पृथ्वी शॉ ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘सूर्यकुमार यादव के साथ अपना मनोरंजन किया।’