Paris 2024 Games: पेरिस पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। पैरा खेलों के महाकुंभ के अभी 5 दिन हुए हैं और भारत के पदकों की संख्या 12 पहुंच गई है। भारत को 12वां पदक बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास यतिराज ने दिलाया। वह पुरुष एकल बैडमिंटन की SL4 स्पर्धा के फाइनल में गत चैंपियन और फ्रांस के लुकास माजुर से 9-21, 13-21 से हार गए। इसके बावजूद वह इतिहास रचने में सफल रहे। सुहास यतिराज पैरालंपिक के इतिहास में बैडमिंटन में दो मेडल जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने हैं।

सुहास एल यतिराज को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। सुहास यतिराज टोक्यो पैरालंपिक खेलों में भी रजत पदक अपने नाम करने में सफल रहे थे। सुहास यतिराज और लुकास माजुर का मैच 34 मिनट तक चला। लुकास ने घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए शुरुआत से ही लीड बनाई और पहला गेम महज 14 मिनट में अपने नाम किया।

सुहास यतिराज ने दूसरे गेम में थोड़ा संघर्ष किया, लेकिन लुकास की चुनौती से पार नहीं पा पाए और 20 मिनट में गेम गंवा दिया। सुहास लालिनाकेरे यतिराज का हारना 140 करोड़ भारतीयों को निराश कर गया, क्योंकि वह पेरिस पैरालंपिक खेलों में गोल्ड पदक के तगड़े दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन उन्हें दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा।

3 साल पहले फ्रांसीसी शटलर ने ही तोड़ा था गोल्ड जीतने का सपना

2007 बैच के आईएएस अधिकारी 41 साल के सुहास यतिराज को 3 साल पहले टोक्यो पैरालंपिक में भी लुकास माजुर ने ही हराया था। बाएं टखने में विकार के साथ पैदा हुए सुहास यतिराज एसएल4 वर्ग में खेलते हैं। भारत के पेरिस पैरालंपिक में बैडमिंटन में 4 पदक हो गए हैं।

पेरिस में अब तक इन भारतीयों ने जीते पदक

पेरिस पैरालंपिक खेलों में भारत के अब 2 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य पदक हो गए हैं। निशानेबाज अवनी लेखरा और शटलर नितेश कुमार ने अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक जीते। पुरुष हाई जम्प में निषाद कुमार, पुरुष डिस्कस थ्रो में योगेश कथुनिया, पुरुष एकल बैडमिंटन SL में सुहास यतिराज, महिला एकल बैडमिंटन SU5 में तुलसीमति मुरुगेसन और पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 में मनीष नरवाल ने रजत पदक जीते हैं।

कांस्य पदक की बात करें तो प्रीति पाल ने महिलाओं की 100 मीटर T35 और महिलाओं की 200 मीटर T35 में ब्रॉन्ज मेडल जीते। महिला एकल बैडमिंटन की SU5 स्पर्धा में मनीषा रामदास, महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 में रूबीना फ्रांसिस और महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने कांस्य पदक जीते।