ओलंपिक में जिन खेलों में भारत को सबसे ज्यादा सफलता मिली है उनमें कुश्ती भी शामिल है। भारत को कुश्ती में सात मेडल हासिल हुए हैं। पिछले चार ओलंपिक में भारत को इस खेल में मेडल मिले हैं। यही कारण है कि इस बार भी रेसलर्स से मेडल की उम्मीदे हैं। बीते एक साल में भारतीय रेसलिंग में काफी विवाद हुए हैं। देश के टॉप पहलवान रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ धरने पर बैठे थे। सेलेक्शन ट्रायल्स तक को लेकर काफी विवाद हुए। इन सबके बीच भी भारत छह कोटा हासिल करने में कामयाब रहा।
रेसलिंग पर खर्च हुए 37.80 करोड़ रुपए
पेरिस ओलंपिक के लिए रेसलिंग पर कुल मिलाकर 37.80 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। तीन सालों में 19 नेशनल कैंप के साथ-साथ 66 विदेशी दौरे भी आयोजित किए हैं। इस साइकिल में 10 टॉप्स एथलीट और 15 डेवलेपमेंट रेसलर्स शामिल थे।
भारत का कुश्ती दल
भारत की ओर से इस बार छह पहलवान पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेंगे। इसमें से पांच महिला पहलवान और एक पुरुष पहलवान हिस्सा लेंगे। यह पहला मौका है जब भारत की ओर से पांच महिला पहलवान देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अमन सेहरावत: पुरुष फ्रीस्टाइल, 57 किग्रा
विनेश फोगाट: महिला 50 किग्रा
अंशु मलिक: महिला 57 किग्रा
निशा दहिया: महिला 68 किग्रा
रितिका हूडा: महिला 76 किग्रा
अंतिम पंघाल: महिला 53 किग्रा
दो खिलाड़ियों को मिली है सीड
ओलंपिक खेलों में इस बार रेसलर्स को सीडिंग भी दी गई है। सीड हासिल करने वाले खिलाड़ियों का शुरुआती राउंड में सामना नहीं होगा। भारत की ओर से अंतिम पंघाल और अमन सेहरावत को सीड दी गई है। अंतिम को सीड के कारण अच्छा ड्रॉ मिला है। वह शुरुआती राउंड में अपनी कैटेगरी के टॉप रेसलर्स का सामना नहीं करेगी। वहीं अंशु, निशा दहिया, रितिका हूडा और विनेश फोगाट को सीड नहीं दी गई है।
विनेश फोगाट
29 साल की विनेश फोगाट का यह तीसरा ओलंपिक है। वह इस बार 50 किलोग्राम वर्ग में चुनौती पेश करेंगी। विनेश की ट्रेनिंग को लेकर 70.45 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। यह पैसा उनके विदेशी कोच, विदेश में ट्रेनिंग और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर खर्च हुआ है। विनेश पिछले साल एशियन गेम्स नहीं खेल पाईं थीं। सर्जरी के बाद उन्होंने इस साल वापसी की है और अब ओलंपिक जाएंगी।
अंतिम पंघाल
भारत की 19 साल की अंतिम पंघाल पर सरकार ने 66.55 लाख रुपए खर्च किए हैं। अंतिम 53 किलोग्राम वर्ग में चुनौती पेश करेंगी। अंतिम अंडर20 वर्ल्ड चैंपियन हैं और साथ ही सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल भी जीत चुकी हैं।
अमन सेहरावत
भारत के 20 साल के युवा रेसलर अमन सेहरावत पर सरकार ने 56.50 लाख रुपए खर्च किया है। अमन 57 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लेंगे। भारत ने टोक्यो ओलंपिक में इसी कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता था। उन्होंने पिछले साल सीनियर एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। वह एशियन गेम्स में भी ब्रॉन्ज मेडल लाने में कामयाब रहे थे।