PARIS PARALYMPICS 2024: टोक्यो पैरालंपिक खेलों के रजत पदक विजेता भारत के प्रवीण कुमार ने शुक्रवार 6 सितंबर 2024 को पेरिस पैरालंपिक खेलों में पुरुषों की ऊंची कूद (High Jump) T64 स्पर्धा में एशियाई रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। नोएडा के रहने वाले 21 साल के प्रवीण कुमार ने 6-जम्पर फील्ड में 2.08 मीटर की सीजन की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई और पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने 1.89 मीटर से शुरुआत करने का विकल्प चुना। प्रवीण का यह व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। प्रवीण 2023 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता भी हैं।

प्रवीण ने देश के लिए छठा स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने अपने पहले प्रयास में सफलता हासिल की और स्वर्ण पदक जीतने के लिए खुद को शीर्ष स्थान पर बनाये रखा। इसके बाद प्रवीण और डेरेक लोकिडेंट में शीर्ष स्थान के लिए मुकाबला जारी रहा, लेकिन सफलता भारतीय एथलीट के हिस्से आई।

यूएसए के डेरेक लोकिडेंट ने 2.06 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ रजत पदक जीता, जबकि उज्बेकिस्तान के टेमुरबेक गियाजोव तीसरे स्थान पर रहे। टेमुरबेक गियाजोव ने 2.03 मीटर की छलांग लगाई। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। टी64 (T64) उन एथलीट्स के लिए है जिनके एक पैर का निचला हिस्सा मामूली रूप से प्रभावित (कम मूवमेंट) होता है या घुटने के नीचे एक या दोनों पैर नहीं होते।

भारत के पेरिस ओलंपिक में 6 स्वर्ण, 9 रजत और 11 कांस्य पदक हो गए हैं। भारत का पैरालंपिक खेलों में अब तक का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत ने प्रवीण कुमार के स्वर्ण पदक से टोक्यो पैरालंपिक के गोल्ड मेडल की टैली को भी पीछे छोड़ दिया। टोक्यो पैरालंपिक में भारत ने पांच स्वर्ण, छह रजत और आठ कांस्य पदक जीते थे।

Paris Paralympics Medal Tally (पेरिस पैरालंपिक पदक तालिका): 6 सितंबर 2024 (रात 9:30 बजे तक)

स्थानदेशस्वर्णरजतकांस्यकुल
1चीन755739171
2ग्रेट ब्रिटेन39312090
3अमेरिका27341879
4नीदरलैंड्स2212842
5इटली18122959
6फ्रांस17242364
7यूक्रेन16212764
8ब्राजील16193065
9ऑस्ट्रेलिया14121945
10जापान1081331
14भारत691126

नौकायन में प्राची यादव हीट में चौथे स्थान पर रहीं

इससे पहले नौकायान में भारत की प्राची यादव महिला VL2 दो सौ मीटर और यश कुमार पुरुषों की KL1 दो सौ मीटर के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने में असफल रहे। वे हीट में क्रमशः चौथे और छठे स्थान पर रहे। प्राची ने 1:06.83 और पूजा ओझा ने महिलाओं की KL1 दो सौ मीटर हीट 2 में 1:16.09 का समय निकाला। यश ने हीट में 1:03.27 का समय निकाला।

हर हीट का विजेता सीधे फाइनल के लिए क्वालिफाई करता है, जबकि बाकी सेमीफाइनल में जाते हैं। हर सेमीफाइनल के तीन सबसे तेज एथलीट फाइनल में पहुंचते हैं। टोक्यो पैरालंपिक खेलों में प्राची महिलाओं की वीएल2 स्पर्धा के फाइनल में 8वें स्थान पर रही थीं। केएल1 वर्गीकरण उन एथलीट्स के लिए है जिनके धड़ का कोई या बहुत सीमित कार्य है और पैरों का कोई कार्य नहीं है, जबकि VL2 उनके लिए है जिनके पैर और धड़ का आंशिक कार्य है, जो कयाक में सीधे बैठ सकते हैं, लेकिन उन्हें ऊंची पीठ वाली सीट की आवश्यकता हो सकती है।