मनीष नरवाल ने पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत को चौथा पदक दिलाया। उन्होंने P1 पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 कैटेगरी में रजत पदक जीता। मनीष नरवाल ने टोक्यो पैरालंपिक में देश के लिए सोना जीता था। वह 2.5 अंक के अंतर से पैरालंपिक में दूसरा गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए। दक्षिण कोरिया के जो जोंगडू ने इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। चीन के यांग चाओ के खाते में ब्रॉन्ज मेडल आया।
मनीष नरवाल ने रजत पदक जीतने से पहले दक्षिण कोरिया के जो जोंगडू को कड़ी टक्कर दी। 22 साल के मनीष नरवाल काफी समय तक आगे चल रहे थे, लेकिन लगातार खराब स्कोर के कारण वह पिछड़ गए और अनुभवी दक्षिण कोरियाई निशानेबाज जो जोंगडू ने सामने बढ़त हासिल कर ली। भारतीय पिस्टल निशानेबाज शिवा नरवाल के बड़े भाई नरवाल ने 234.9 का स्कोर किया, जबकि जोंगडू ने 237.4 के कुल स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीन के यांग चाओ ने 214.3 का स्कोर किया और कांस्य पदक जीता।
क्वालिफिकेशन में 5वें स्थान पर रहे थे मनीष नरवाल
मनीष नरवाल क्वालिफिकेशन दौर में 565 स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहे थे। फरीदाबाद के रहने वाले मनीष नरवाल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। इस स्पर्धा में भारत के रुद्रांक्ष खंडेलवाल फाइनल में जगह नहीं बना सके। वह क्वालिफिकेशन में 561 के स्कोर के साथ नौवें स्थान पर रहे थे।
एसएच 1 वर्ग में खिलाड़ी बिना किसी दिक्कत के पिस्टल उठा सकते हैं और व्हीलचेयर या चेयर पर से खड़े होकर या बैठकर निशाना लगाते हैं। पेरिस पैरालंपिक में भारत के अब तक 4 मेडल हो चुके हैं। तीन मेडल निशानेबाजी (अवनी लेखरा (स्वर्ण पदक), मनीष नरवाल और मोना अग्रवाल (कांस्य पदक) और एक मेडल ट्रैक इवेंट (पूजा पाल) में आया है। ट्रैक इवेंट में तो पूजा पाल ने पदक जीतकर इतिहास रचा।
आखिरी स्थान पर रहने के बाद अरशद शेख बाहर
उधर, भारत के अरशद शेख ट्रैक साइकिलिंग पुरुष परस्यूट सी2 स्पर्धा के क्वालिफाइंग दौर में सबसे आखिरी (नौवें) स्थान पर रहकर बाहर हो गए। 31 साल के अरशद शेख ने 4:20:949 में दौड़ पूरी की। शीर्ष चार ने फाइनल के लिये क्वालिफाई किया। फ्रांस के एलेक्जेंडर ल्यूते शीर्ष पर रहे, जबकि बेल्जियम के इवुड व्रोमेंट दूसरे और ब्रिटेन के मैथ्यू रॉबर्टसन तीसरे स्थान पर रहे। शेख अब ट्रैक साइकिलिंग में पुरुष 1000 मीटर टाइम ट्रायल सी 1.3 वर्ग में उतरेंगे। वह रोड साइकिलिंग में भी हिस्सा लेंगे।