अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इन दिनों 3 टेस्ट मैच खेले जा रहे हैं। कोलकाता में जहां भारत और बांग्लादेश के बीच डे-नाइट टेस्ट हो रहा है। वहीं, माउंट मॉन्गनुई के बे ओवल में न्यूजीलैंड-इंग्लैंड और ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे के सामने चुनौती पेश कर रही हैं। ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टेस्ट मैच से पाकिस्तान के नसीम शाह ने डेब्यू किया। नसीम शाह महज 16 साल 281 दिन के हैं। उनके डेब्यू के साथ ही उनकी उम्र को लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। दरअसल, सोशल मीडिया यूजर्स को नसीम की उम्र में घपला नजर आ रहा है।

नसीम शाह (Naseem Shah) की उम्र को लेकर ट्विटर पर तब बहस शुरू हुई, जब भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ (Mohammad Kaif) ने पाकिस्तानी पत्रकार साज सादिक (Saj Sadiq) का दिसंबर 2018 का एक ट्वीट शेयर किया। साज ने अपने ट्वीट में नसीम शाह की उम्र 2018 में 17 साल बताई थी। इसे लेकर कैफ ने तंज कसा। कैफ ने लिखा, ‘यहां तो जबरदस्त संभावना दिखती है, लेकिन अब वह 16 के हो गए हैं लगता है कि उम्र पीछे की तरफ बढ़ रही है।’

मोहम्मद कैफ (Mohammad Kaif) के ट्वीट करने के बाद सोशल मीडिया पर नसीह शाह की उम्र को लेकर बवाल मच गया। लोग कहने लगे कि उम्र छिपाने में पाकिस्तानी खिलाड़ी माहिर हैं। यही नहीं पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) की उम्र को लेकर भी बहस छिड़ गई। लोगों ने शाहिद अफरीदी की उम्र के किस्सों को फिर से याद किया।

बता दें कि वनडे में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड शाहिद अफरीदी के नाम है। हालांकि, शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) ऑटोबायोग्राफी (आत्मकथा) में अपनी उम्र को लेकर बड़ा खुलासा कर चुके हैं। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, अफरीदी (Shahid Afridi) का जन्म 1 मार्च, 1980 को हुआ था। जिसके हिसाब से जब अफरीदी ने श्रीलंका के खिलाफ शतक बनाया, तब उनकी उम्र 16 साल 217 दिन थी। हालांकि, ऑटोबायोग्राफी के हिसाब से तब वे 21 साल के थे। शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) ने अपनी उम्र छिपाने का इल्जाम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पदाधिकारियों पर लगाया था।