पाकिस्तान में ऐसे कई क्रिकेटर्स हैं जिनका भारतीय एक्ट्रेस या भारतीय मूल की लड़कियों के साथ अफेयर रहा। कुछ ने भारतीय लड़कियों से शादी भी की। चाहे वह मोहसिन खान हो, हसन अली हो या फिर शोएब मलिक। इस लिस्ट में अब एक और नाम शामिल हो गया है। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर रजा हसन भी भारतीय मूल की हिंदू लड़की से शादी करने वाले हैं।

रजा हसन ने शेयर की तस्वीर

रजा हसन ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर करके इसकी जानकारी दी। तस्वीर में वह अपनी रोमांटिक अंदाज में मंगेतर का हाथ पकड़े नजर आ रहे हैं। हसन ने लाल रंग का कुर्ता पहना हुआ था जबकि उनकी मंगेतर सूट पहने दिखाई दी।

रजा शादी के लिए उत्साहित

उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरी सगाई हो गई है। मैंने अपने प्यार से पूरे जिंदगी साथ बिताने का सवाल पूछा और वह तैयार हो गई। हम अपने नए सफर के लिए उत्साहित हैं।’ पोस्ट में लोकेशन न्यू यॉर्क की नजर आ रही है।

धर्म बदलने को तैयार पूजा

पाकिस्तानी मीडिया वेबसाइट क्रिकेट पाकिस्तान के मुताबिक 42 साल हसन की मंगेतर का नाम पूजा बोमन है। वह भारत की रहने वाली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों अगले साल जनवरी या फरवरी में शादी करेंगे। पाकिस्तानी खिलाड़ी ने मीडिया आउटलेट को बयान जारी करके बताया कि वह इस रिश्ते से खुश हैं। उन्होंने बताया कि पूजा हिंदू धर्म से ताल्लुक रखती हैं। हालांकि पूजा को इस्लाम में काफी दिलचस्पी है। वह हसन के लिए धर्म बदलने को भी तैयार हैं।

हसन रजा ने 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया था। सात टेस्ट मैचों में 235 रन बनाए हैं। 26.11 के औसत से रन बनाए। 16 वनडे में उनके नाम 242 रन हैं जिसमें एक अर्धशतक शामिल था। उन्होंने पाकिस्तान के लिए आखिरी मैच 2005 में खेला था।

हसन रजा से पहले मोहसिन खान ने भारतीय एक्ट्रेस रीना रॉय से शादी की थी। हालांकि यह शादी ज्यादा समय नहीं चली। ऑलराउंडर शोएब मलिक ने भी भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा से 2010 में शादी की। हालांकि सानिया ने इस साल खुलासा किया वह शोएब मलिक से खुला ले चुकी हैं। पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हसन अली ने भी भारतीय लड़की से शादी की है।