पाकिस्तान के प्रतिबंधित लेग स्पिनर दानिश कनेरिया ने राम मंदिर भूमि पूजन पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने 5 अगस्त को दुनिया भर के हिंदुओं के लिए ऐतिहासिक करार दिया है। साथ ही रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या आने की इच्छा भी जताई। पीएम नरेंद्र मोदी ने पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमि पूजन किया था।
कनेरिया ने कहा कि अगर भगवान राम ने उन्हें बुलाया तो वह जरूर अयोध्या आएंगे और राम लला का दर्शन करेंगे। इस संबंध में कनेरिया ने एक ट्वीट भी किया, ‘हमारे लिए यह एक धार्मिक स्थान है। यदि मुझे मौका मिला तो मैं निश्चित ही अयोध्या आऊंगा। मैं एक समर्पित हिंदू हूं और हमेशा भगवान राम के दिखाए हुए मार्ग पर चलने की कोशिश करता हूं। उन्होंने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि अगर भगवान राम ने उन्हें बुलाया तो वह जरूर अयोध्या आएंगे और राम लला का दर्शन करेंगे।’
दानिश कनेरिया ने कहा, ‘धार्मिक व्यक्ति होने के नाते मैं हिंदू धर्म और राम भगवान को फॉलो करता हूं। मैं राम भगवान को बहुत मानता हूं। उनके बताए रास्तों पर चलने की कोशिश करता हूं। बचपन से हमने रामायण देखी है और राम भगवान और उनके जीवन के आदर्शों को मैं पूजता हूं।’
दानिश कनेरिया के ट्वीट पर काफी प्रतिक्रियाएं आ रहीं हैं। ज्यादातर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं। उन्हें सिर्फ तीर्थयात्रा के लिए ही नहीं, बल्कि हमेशा के लिए ही भारत में बसने की निमंत्रण दे रहे हैं। कुछ लोग उन्हें सचेत रहने की भी सलाह दे रहे हैं। ऐसे लोगों का मानना है कि सार्वजनिक रूप से इस तरह ट्वीट करने के बाद पाकिस्तान में उनकी जान को खतरा हो सकता है। उनके खिलाफ फतवा जारी हो सकता है।
बता दें कि दानिश कनेरिया ने हाल ही में पाकिस्तान टीम पर भेदभाव के आरोप लगाए थे। कनेरिया कुछ समय पहले तब अचानक चर्चा में आए जब पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने बताया था कि उनके (कनेरिया) साथ कुछ पाकिस्तानी क्रिकेटरों का बर्ताव अच्छा नहीं था। अख्तर ने दावा किया था कि कनेरिया के हिंदू होने की वजह से उनके साथ कुछ क्रिकेटर खाना नहीं खाते थे। इसके बाद कनेरिया ने भी सामने आकर अख्तर की बातों में हामी भरी थी। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट पर भेदभाव का आरोप लगाया था।