World Athletics Championships 2025 Javelin final: वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के जैवलिन थ्रो के फाइनल में भारत के स्टार जैवलीन थ्रोअर नीरज चोपड़ा उस तरह का प्रदर्शन नहीं कर पाए जिसके लिए वो जाने जाते हैं, लेकिन इस इवेंट में भारत को अपना अगला स्टार सचिन यादव के रूप में जरूर मिला जिन्होंने नीरज चोपड़ा के मुकाबले धारदार प्रदर्शन किया।
नीरज चोपड़ा पर हावी रहे सचिन यादव
फाइनल इवेंट में जहां सचिन यादव ने चौथे स्थान पर रहते हुए अपने अभियान को खत्म किया तो वहीं नीरज चोपड़ा 8वें स्थान पर रहे और वो अपना खिताब भी डिफेंड नहीं कर पाए। फाइनल मुकाबले में नीरज चोपड़ा पर सचिन यादव पूरी तरह से हावी नजर आए और उन्होंने जमकर थ्रो किया जबकि नीरज हर थ्रो के साथ और नीचे गिरते चले गए। नीरज के बारे में कहा जा रहा है कि उन्होंने अपने थ्रो, अपने एक्शन में बदलाव किए थे, लेकिन वो उनके काम नहीं आया।
फाइनल मुकाबले में सचिन यादव ने अपने पहले ही थ्रो में भाले को 83.27 मीटर दूर फेंका तो वहीं उनका दूसरा प्रयास फाउल रहा। तीसरे प्रयास में उन्होंने 85.71 मीटर थ्रो किया जबकि चौथे प्रयास में उन्होंने 84.90 मीटर थ्रो किया। पांचवें प्रयास में उन्होंने 85.96 मीटर जबकि छठे प्रयास में उन्होंने 80.95 मीटर थ्रो किया। अपने बेस्ट थ्रो यानी 86.27 मीटर के साथ वो चौथे स्थान पर रहे और ब्रांज मेडल से चूक गए।
फाइनल मुकाबले में नीरज ने 83.65 मीटर थ्रो करते हुए टॉप 10 में जगह बना ली थी, लेकिन उसके बाद उन्होंने 84.03 मीटर थ्रो किया। उनका तीसरा प्रयास फेल रहा जबकि चौथे प्रयास में उन्होंने 82.86 मीटर थ्रो किया और किसी तरह से टॉप 8 में 8वें नंबर पर रहे, लेकिन इसके बाद उन्होंने अपना पांचवां प्रयास गंवा दिया और फाउल कर दिया और वो फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए।
फाइनल में नीरज चोपड़ा और सचिन यादव का प्रदर्शन
नीरज चोपड़ा | सचिन यादव | |
पहला थ्रो | 83.65 मीटर | 86.27 मीटर |
दूसरा थ्रो | 84.03 मीटर | फाउल |
तीसरा थ्रो | फाउल | 85.71 मीटर |
चौथा थ्रो | 82.86 मीटर | 84.90 मीटर |
पांचवां थ्रो | फाउल | 85.96 मीटर |
छठा थ्रो | बाहर हो गए | 80.95 मीटर |