भारत के तीसरे सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान, पद्म भूषण के लिए इस साल मशहूर पहलवान सुशील कुमार के नाम की सिफारिश की गई है। भारतीय कुश्‍ती संघ (WFI) ने इस प्रतिष्ठित सम्‍मान के लिए दो बार के आेलंपिक पदक विजेता का नाम आगे किया है। संघ ने लंबे समय तक सुशील के कोच रहे द्रोणाचार्य अवार्डी यशवीर सिंह और महिला पहलवान अल्‍का तोमर को पद्मश्री दिए जाने के लिए खेल मंत्रालय को लिखा है। सुशील के अलावा, 15 बार वर्ल्‍ड बिलियर्ड्स और स्‍नूकर चैंपियन रह चुके पंकज आडवाणी को भी पद्म भूषण दिए जाने की सिफारिश की गई है। दिग्‍गज पिस्‍टल शूटर जीतू राय और टे‍बल टेनिस खिलाड़ी अचंता सारथ कमल को पद्मश्री की सिफारिश की गई है। सुशील ने पद्म भूषण के लिए अप्‍लाई किया था। उनकी अप्लिकेशन भारतीय कुश्‍ती संघ की सिफारिश पर खेल मंत्रालय को भेज दी गई है।

सुशील कुमार को 2011 में पद्मश्री से नवाजा गया था। उन्‍होंने पिछले साल पद्म भूषण के लिए अप्‍लाई किया था, मगर तब उनके मेंटर और ससुर सतपाल सिंह को इस सम्‍मान के लिए चुना गया था। सुशील और भारतीय कुश्‍ती संघ के बीच पिछले कुछ महीनों में अनबन की खबरें आई थीं। जब आेलंपिक ट्रायल कराने की सुशील की मांग को फेडरेशन ने खारिज कर दिया था। फेडरेशन ने वर्ल्‍ड चैंपियनशिप में कांस्‍य पदक जीतने वाले नरसिंह यादव को ओलंपिक में भेजने का फैसला किया था, जिसके बाद सुशील कुमार इसके खिलाफ दिल्‍ली हाई कोर्ट चले गए थे। अदालत ने नरसिंह यादव और WFI के पक्ष में फैसला दिया। बाद में सुशील ने कहा कि उन्‍हें नरसिंह से कोई गिला नहीं है।