ओडिशा के 11 साल के चंदन नायक को जर्मनी के मशहूर फुटबॉल क्लब बायर्न म्यूनिख ने ट्रेनिंग के लिए चुना है। चंदन को दो महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी। चंदन भुवनेश्वर की झुग्गी बस्ती साबर साही के रहने वाले हैं। म्यूनिख में ट्रेनिंग के दौरान उनके सारे खर्चे उठाए जाएंगे। वे दुनियाभर के चुनिंदा बच्चों में से हैं जिन्हें बायर्न म्यूनिख ने चुना है। चंदन ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, ”मैं बहुत खुश हूं। एक दिन भारतीय टीम का खिलाड़ी बनना चाहता हूं। मैं इसके लिए अपने कोच को धन्यवाद देता हूं।”
कोच जयदेव महापात्रा ने बताया कि चंदन का परिवार जरूरत की चीजों का भी मोहताज है। दो वक्त की रोटी के लिए भी उन्हें कड़ा संघर्ष करना पड़ता है। लेकिन उसकी मेहनत को साहस के प्रतीक के रूप में देखना चाहिए। जयदेव ने कहा, ”उनका परिवार टूटा हुआ है। पिता काफी साल पहले उन्हें छोड़ गए थे। उनकी मां कई जगहों पर नौकरानी के रूप में काम करती हैं। अपने बच्चों के सही पालन-पोषण के लिए उन्होंने काफी त्याग किया है। चंदन एक गरीब परिवार से आते हैं। विपरीत स्थितियों के बावजूद उन्होंने प्रतिभा साबित की।”
चंदन के अब तक सफर के बारे में कोच ने बताया, ”यह लड़का काफी प्रतिभाशाली हैं और काफी कम उम्र में ही हमने उसे ढूंढ लिया। तीन-चार साल से वह हमारे साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं। पिछले एक साल में हमने उनके साथ काफी कड़ी मेहनत की है। इसी का परिणाम है कि वे 11 साल की उम्र में ओडिशा टीम के लिए चुन लिए गए थे। चयन 14 से 16 साल की उम्र के बाद होता है लेकिन हमारे अनुरोध पर उन्होंने चंदन को मौका दिया। उन्होंने सब को चकित कर दिया। पुणे में भी उन्होंने सुनील छेत्री सहित सबको प्रभावित किया।”
जयदेव ने बताया कि चंदन 25 तारीख को जर्मनी जाएंगे। वे वहां पर फिलिप लाम जैसे दिग्गजों के साथ खेलेंगे। दुनिया के बेस्ट कोच उन्हें सिखाएंगे। वहां पर दुनियाभर से 120 के करीब बच्चे आएंगे। यह बहुत बड़ा मौका है। उन्होंने कहा कि उनके शिष्य की कहानी लियोनल मैसी जैसी है। गौरतलब है कि मैसी को सात साल की उम्र में बार्सिलोना ने चुन लिया था।
आपको बता दें कि बायर्न म्यूनिख जर्मनी का अग्रणी फुटबॉल क्लब है। इस क्लब से जर्मनी के ज्यादातर बड़े खिलाड़ी निकले हैं। वर्तमान टीम के भी लगभग आधे खिलाड़ी इसी क्लब से खेलते हैं। इसकी स्थापना साल 1900 में हुई थी। इस क्लब में मैनुअल न्यूएर, मैट हमल्स, रॉबर्ट लेवांडोवस्की, जाबी अलांसो, फिलिप लाम, अर्जेन रोबेन, थॉमस म्यूलर जैसे खिलाड़ी खेलते हैं। वहीं मेसुत ओजिल, ओलिवर कान, गर्ड मूलर, फ्रेंक बेकनब्योर भी इसके सदस्य रहे हैं।