पूर्व विश्व चैम्पियन मानवजीत सिंह संधू ने शनिवार (19 नवंबर) को यहां 60वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैम्पियनशिप की पुरुष ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पंजाब के चार बार के ओलंपियन ने क्वालीफाइंग में 117 के स्कोर से छह निशानेबाजों के फाइनल राउंड में चौथे स्थान पर रहकर जगह बनायी थी। इसके बाद उन्होंने सेमीफाइनल चरण में 15 बर्ड में से 12 पर निशाना साधा और स्वर्ण पदक के मुकाबले तक पहुंचे। उन्होंने रजत पदक विजेता रनिंदर सिंह को 14-13 से शिकस्त दी, जो ओड़िशा का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। तेलंगाना के युवा केनान चेनाई ने राजथान के अधिराज सिंह राठौड़ को 14-12 से हराकर कांस्य पदक प्राप्त किया। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के अध्यक्ष रनिंदर सिंह का यह लगातार दूसरा रजत पदक है।
जोरावर सिंह संधू क्वालीफाइंग में 121 के स्कोर से शीर्ष पर रहे थे, उन्होंने एयर इंडिया को टीम स्पर्धा में स्वर्ण जीतने में मदद की। राजस्थान ने टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। मानवजीत और उनकी टीम पंजाब को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। जूनियर पुरुष ट्रैप स्पर्धा में हरियाणा के लक्ष्य शेरान ने राजस्थान के मानवादित्य सिंह राठौड़ की चुनौती को पस्त कर स्वर्ण पदक जीता। मध्यप्रदेश के आकाश सहारान ने कांस्य पदक जीता। लक्ष्य हालांकि टीम का स्वर्ण मानवादित्य को गंवा बैठे जबकि आकाश को टीम स्पर्धा में भी कांस्य से संतोष करना पड़ा।
नई पार्टी नहीं बनाएंगे सिद्धू; किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन के लिए तैयार
