साल 2018 में ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित हुआ हॉकी वर्ल्ड कप काफी सफल साबित हुआ। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत ने एक बार फिर वर्ल्ड कप की मेजबानी हासिल करने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। भारत के अलावा 5 देशों ने 2022 में होने वाले पुरुष और महिला हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश की है। इनमें स्पेन, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और जर्मनी शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

भारत ने 13 से 29 जनवरी 2023 तक महिला या पुरुष वर्ल्ड कप की मेजबानी का दावा किया है।ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने भी इसी विंडो को चुना है। स्पेन, मलेशिया और जर्मनी ने एक से 17 जुलाई 2022 का विंडो चुना है। एफआईएच ने एक बयान में कहा, ‘बोली लगाने वाले देशों को 31 जनवरी 2019 तक अपनी दावेदारी पेश करनी थी। उन्हें 1 से 17 जुलाई 2022 और 13 से 29 जनवरी 2023 की दो विंडो दी गई थी।”

एफआईएच का कार्यकारी बोर्ड इस साल जून में इस पर अंतिम फैसला लेगा। एफआईएच सीईओ थियरी वेल ने कहा, ‘एफआईएच को खुशी है कि इतनी मजबूत बोलियां मिली हैं। इससे साबित होता है कि हमारे टूर्नामेंट कितने लोकप्रिय हैं।” एफआईएच अब इन सभी की दावेदारियों की समीक्षा करेगा और कार्यकारी बोर्ड इस पर अंतिम फैसला लेगा।

गौरतलब है कि भारत तीन बार पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी कर चुका है जिनमें से आखिरी बार भुवनेश्वर में पिछले साल वर्ल्ड कप हुआ था। अगर इस बार भी भारत वर्ल्ड कप की मेजबानी हासिल करने में सफल हो जाता है तो वह सबसे ज्यादा बार वर्ल्ड कप का आयोजन करने वाला पहला देश बन जाएगा। भारत के अलावा सिर्फ नीदरलैंड ने 3 बार वर्ल्ड कप की मेजबानी की है। वहीं 2 बार मलेशिया में वर्ल्ड कप का आयोजन हुआ है।