पेरिस ओलंपिक 2024 में मंगलवार (6 अगस्त) को भारतीय रेसलर विनेश फोगाट ने वुमेंस रेसिलंग 50 किलोग्राम इवेंट में वर्ल्ड चैंपियन और डिफेंडिंग चैंपियन यूई सुसाकी को हराकर असंभव को संभव कर दिया। वह जापान की यूई सुसाकी को हराने वालीं दुनिया की पहली रेसलर बन गईं। सुसाकी ने इससे पहले लगातार 82 मैच जीते थे। विनेश ने शुरुआत में पॉइंट खो दिए थे। वह अंत तक 0-2 से पीछे चल रही थीं, लेकिन अंतिम 20 सेकंड में उन्होंने सुसाकी को चौंकाते हुए मुकाबला अपने नाम किया। उन्होंने 3-2 से हराकर सुसाकी को स्वर्ण पदक से वंचित कर दिया।

इसके बाद पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट ने क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की उक्साना लिवाच को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला क्यूबा की लोपेज गजमन से होगा। 2019 यूरोपीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। विनेश फोगाट का यह तीसरा ओलंपिक है। रियो में 2016 में उन्होंने ओलंपिक डेब्यू किया। वह महिलाओं की 48 किग्रा फ्रीस्टाइल कैटेगरी में थीं।

रियो में विनेश फोगाट 10वें और टोक्यो में 9वें स्थान पर रही थीं

घुटने की चोट के कारण विनेश को क्वार्टर फाइनल मुकाबले से हटने के लिए मजबूर होना पड़ा था। टोक्यो में 2021 में 53 किलो ग्राम में विनेश फोगाट क्वार्टर फाइनल तक ही पहुंच पाई थीं। रियो में विनेश फोगाट 10वें और टोक्यो में 9वें स्थान पर रही थीं। पिछले खेलों में 53 किलोग्राम में प्रतिस्पर्धा करने के बाद विनेश ने इस बार वजन घटाया और 50 किलोग्राम कैटेगरी में उतरीं।

सुसाकी ने टोक्यो ओलंपिक में बगैर अंक गंवाए स्वर्ण जीता था

किसी को उम्मीद नहीं थी कि सुसाकी को विनेश से हार का सामना करना पड़ेगा। 25 वर्षीय सुसाकी ने टोक्यो ओलंपिक में चार मुकाबलों में एक भी अंक गंवाए बिना इस वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। जापानी रेसलर ने विनेश के खिलाफ मैच से पहले 14 साल में 1 भी मैच नहीं गंवाया था। वह 4 बार की वर्ल्ड चैंपियन और 2 बार की एशियाई चैंपियन हैं। यूई सुसाकी ने 2017 पेरिस वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में 48 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड जीता था। 2018 में बुडापेस्ट वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में 50 किलोग्राम, 2022 में वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में 50 किलोग्राम में गोल्ड जीता था। उनके पास कुल मिलाकर ओलंपिक में एक गोल्ड, वर्ल्ड चैंपियनशिप में 5 गोल्ड और एशियन चैंपियनशिप में 2 गोल्ड मेडल है।