Highest Prize Money For Gold Medal Winners: पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत ने अब तक एक रजत समेत 5 पदक जीते हैं। इसमें से 3 पदक निशानेबाजी से आए हैं। मनु भाकर ने शूटिंग में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। मनु भाकर ने सरबजोत सिंह के साथ मिक्स्ड टीम 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भी कांस्य पदक जीता। पेशेवर निशानेबाज स्वप्निल कुसाले ने भी पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन इवेंट में कांस्य पदक जीता।
मनु भाकर ने 2 पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक में इतिहास रचा। वह ओलंपिक के एक ही संस्करण में 2 पदक जीतने वाली पहली भारतीय (आजादी के बाद) बनीं। टोक्यो ओलंपिक के चैंपियन नीरज चोपड़ा पेरिस में स्वर्ण पदक जीतने से भले ही चूक गए हैं, लेकिन उन्होंने लगातार दूसरे संस्करण में पदक जीता। उन्होंने 89.45 थ्रो के साथ रजत पदक जीता। नीरज चोपड़ा लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतने वाले भारत के दूसरे पुरुष और ओवरऑल चौथे भारतीय (आजादी के बाद के आंकड़े) बने। उनसे पहले सुशील कुमार, पीवी सिंधु और मनु भाकर ने यह उपलब्धि अपने नाम की।
ओलंपिक खेलों में पदकों की बात करें तो यह कौतूहल का विषय है कि कौन सा देश अपने एथलीट्स को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर सबसे अधिक पुरस्कार राशि देता है। इस लेख में हम इसके बारे में ही जानेंगे।
हॉन्गकॉन्ग: गोल्ड मेडल विनर को देगा 6.45 करोड़ रुपये
ओलंपिक में हॉन्गकॉन्ग चीन से अलग प्रतिस्पर्धा करता है। हॉन्गकॉन्ग पेरिस ओलंपिक 2024 में स्वर्ण पदक जीतने पर अपने एथलीट्स को सबसे अधिक पुरस्कार राशि देगा। CNBC के अनुसार, हॉन्गकॉन्ग पेरिस ओलंपिक 2024 में पोडियम पर शीर्ष स्थान पर रहने वाले अपने खिलाड़ी को 768,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 6.45 करोड़ रुपये) का नकद पुरस्कार देता है।
पेरिस ओलंपिक 2024 में हॉन्गकॉन्ग के लिए तलवारबाज मैन वाई विवियन कोंग ने महिला एपी व्यक्तिगत स्पर्धा और चेउंग का लोंग ने पुरुष फॉइल व्यक्तिगत स्पर्धा में 1-1 स्वर्ण पदक जीता है। नियमानुसार देश की सरकार दोनों को 768,000 अमेरिकी डॉलर की पुररस्कार राशि देगी। हॉन्गकॉन्ग रजत और कांस्य पदक जीतने वाले अपने खिलाड़ियों को क्रमशः 384,000 डॉलर (लगभग 3.22 करोड़ रुपये) और 192,000 डॉलर (लगभग 1.61 करोड़ रुपये) का नकद पुरस्कार देगा।
सिंगापुर भी बहुत पीछे नहीं
ओलंपिक पदक विजेताओं को पुररस्कार राशि देने के मामले में सिंगापुर हॉन्गकॉन्ग से बहुत पीछे नहीं है। सिंगापुर पेरिस ओलंपिक 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाले अपने खिलाड़ियों को 6 अंकों का नकद पुरस्कार देगा। यह देश अपने स्वर्ण पदक विजेताओं को 745,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 6.25 करोड़ रुपये) का पुरस्कार देगा।
शीर्ष-5 देशों में इंडोनेशिया, इजरायल और कजाकिस्तान भी
सीएनबीसी के अनुसार, शीर्ष 5 देशों में इंडोनेशिया (300,000 अमेरिकी डॉलर या 2.51 करोड़ रुपये), इज़रायल (271,000 अमेरिकी डॉलर या 2.28 करोड़ रुपये) और कजाकिस्तान गणराज्य (250,000 अमेरिकी डॉलर या 2.09 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
अमेरिका देता है सिर्फ 32 लाख रुपये
अमेरिका ओलंपिक 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाले अपने खिलाड़ियों को 38,000 डॉलर (लगभग 31.90 लाख रुपये) का नकद पुरस्कार देगा। युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा घोषित 2019 के अनुसार, भारत स्वर्ण पदक विजेताओं को 75 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 50 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 30 लाख रुपये का वित्तीय बोनस देता है।
1997 तक ब्रिटिश उपनिवेश था हॉन्गकॉन्ग
हॉन्गकॉन्ग 1997 तक ब्रिटिश उपनिवेश था। इसके बाद ब्रिटेन और चीन की सरकारें मूल कानून पर सहमत हुईं, जिसके मुताबिक अगले पचास वर्षों तक हॉन्गकॉन्ग पर चीन शासन करेगा। मूल कानून के अनुसार हॉन्गकॉन्ग पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के एक स्वायत्त विशेष प्रशासनिक क्षेत्र के रूप में रहेगा, जिसकी अपनी मुद्रा, कानूनी प्रणाली और संसदीय प्रणाली होगी। हॉन्गकॉन्ग में 2021 में जनसंख्या कराई गई थी, तब उसकी आबादी 7,413,070 थी। साल 2023 में उसकी आबादी 7,498,10 (अनुमानित) थी।