भारतीय खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने गुरुवार देर रात को पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीता। देश को नीरज से गोल्ड की उम्मीदें थीं कि लेकिन वह इसे पूरा नहीं कर सके। नीरज की तारीफ में दुनिया भर के लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। हालांकि शोएब अख्तर ने नीरज की मां के लिए एक्स पर संदेश लिखा।

नीरज चोपड़ा की मां ने दिया था बयान

नीरज के सिल्वर जीतने के बाद उनकी मां सरोज देवी ने मीडिया वालों से बात की थी। उन्होंने वहां कहा, ‘हम बहुत खुश हैं, हमें तो सिल्वर भी गोल्ड जैसा लग रहा है। जो गोल्ड ले गया है वो भी हमारा लड़का है। मेहनत करके हासिल किया है। हर खिलाड़ी का दिन होता है।’

शोएब अख्तर ने एक्स पर लिखा बयान

नीरज चोपड़ा की मां का यह बयान पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर को काफी पसंद आया। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसके लिए ट्वीट भी किया। उन्होंने लिखा, ‘गोल्ड जिसका आया है, वह भी हमारा लड़का है, यह बात सिर्फ एक मां कह सकती है। शानदार।’ इस ट्वीट के रिप्लाई में भारतीय फैंस ने भी नीरज चोपड़ा की मां की तारीफ की। उन्होंने कि नीरज की मां भी एक मिसाल है।

अरशद नदीम का दिन था

नीरज के पिता ने भी अरशद के गोल्ड मेडल जीतने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “हम दबाव नहीं डाल सकते हैं। हर किसी खिलाड़ी का दिन होता है, आज अरशद नदीम का दिन था, अरशद गोल्ड जीत पाए। हम दूसरे ओलंपिक में जैवलिन में मेडल जीत पाए ये बहुत खुशी की बात है हम दूसरे देशों को फाइट दे रहे हैं।”