पेरिस ओलंपिक 2024 में मंगलवार (6 अगस्त) को भारतीय पुरुष हॉकी टीम को सेमीफाइनल में जर्मनी ने 3-2 से हरा दिया। इस हार के साथ 44 साल के इंतजार खत्म नहीं हुआ। 1980 के बाद ओलंपिक फाइनल में पहुंचने का सपना एक बार फिर टूट गया। 2021 में टोक्यो की तरह भारतीय टीम के पास पेरिस खेलों में भी ब्रॉन्ज मेडल जीतने का मौका होगा।
भारत अब कांस्य पदक के लिए स्पेन से भिड़ेगा, जबकि जर्मनी का फाइनल में नीदरलैंड से मुकाबला होगा। दोनों मैच 8 अगस्त को होगा। दिग्गज गोलकीपर प्रीआर श्रीजेश के करियर का यह आखिरी मैच होगा। श्रीजेश ने पहले ही पेरिस ओलंपिक के बाद हॉकी से संन्यास की घोषणा कर दी थी। सेमीफाइनल मुकाबले की बात करें तो भारत ने जर्मनी के खिलाफ सातवें मिनट में पहला गोल किया। तीसरे पेनल्टी कॉर्नर को हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदला।
कब-कब हुआ गोल
जर्मनी ने दूसरा क्वार्टर शुरू होते ही पेनल्टी कॉर्नर से गोल किया। 27वें मिनट में जर्मनी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला और 2-1 से आगे हो गया। फर्स्ट हाफ के बाद भारत 1-2 से पीछे चल रहा था। 36वें मिनट में भारत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। स्कोर 2-2 से बराबर हो गया। 54वें मिनट में जर्मनी ने गोल किया और 3-2 की बढ़त बना ली। इसके बाद भारतीय टीम गोल नहीं कर पाई। आखिरी के समय में टीम बगैर गोलकीपर के मैदान पर थी। यानी 11 खिलाड़ी मैदान पर थे।
भारत-जर्मनी के लिए किसने किया गोल
भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 7वें मिनट में गोल किया। सुखजीत सिंह ने 36वें मिनट में गोल किया। जर्मनी के लिए गोंजालो पेइलाट ने 18वें, क्रिस्टोफर रूहर ने 27वें और मार्को मिल्टकौ ने 54वें मिनट में गोल किया। भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में अच्छा प्रदर्शन किया है। उसने ऑस्ट्रेलिया को 52 साल बाद हराया। क्वार्टर फाइनल में ब्रिटेन हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अमित रोहिदास को रेड कार्ड मिला था। 10 खिलाड़ी के साथ खेलकर ब्रिटेन को हराया था। रेड कार्ड की वजह से अमित सेमीफाइनल नहीं खेल पाए।