वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैचों की टी20आई सीरीज के पहले मैच में निकोलस पूरन की तूफानी पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने प्रोटियाज को 7 विकेट से हरा दिया। इस मैच में कप्तान पूरन ने बेहद तेज पारी खेली और 26 गेंदों पर 7 छक्के और 2 चौकों की मदद से 26 गेंदों पर नाबाद 65 रन बना डाले। वेस्टइंडीज की तरफ से साई होप ने भी 36 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली।
निकोलस पूरन ने अपनी पारी के दौरान 7 छक्के लगाए और अब वो टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए और जोस बटलर को पीछे छोड़ दिया। हालांकि इस प्रारूप में अब भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं।
निकोलस पूरन ने जोस बटलर को पीछे छोड़ा
निकोलस पूरन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली अपनी पारी के दौरान 7 छक्के लगाए और अब वो टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए। पूरन ने टी20आई में अब तक 88 पारियों में 139 छक्के लगाते हैं जबकि जोस बटलर ने 114 पारियों में 137 छक्के जड़े हैं। पूरन के तीसरे नंबर पर आते ही जोस बटलर अब चौथे पायदान पर खिसक गए।
टी20आई में अब भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम पर दर्ज है। हिटमैन रोहित शर्मा ने अब तक 151 पारियों में 205 छक्के लगाए हैं तो वहीं मार्टिन गप्टिल इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। गप्टिल ने 118 पारियों में 173 छक्के लगाए हैं वहीं पांचवें नंबर पर सूर्यकुमार यादव हैं जिन्होंने 68 पारियों में 136 छक्के लगाए हैं।
टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सर्वाधिक छक्के
205 – रोहित शर्मा (151 पारी)
173 – मार्टिन गुप्टिल (118 पारी)
139 – निकोलस पूरन (88 पारी)
137 – जोस बटलर (114 पारी)
136 – सूर्यकुमार यादव (68 पारी)
