वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में बुडापेस्ट में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में (जैवलिन थ्रो) भारत के नीरज चोपड़ा ने पहली बार गोल्ड मेडल जीतने का काम किया। पिछली बार यानी साल 2022 में वह गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए थे और यूजीन में आयोजित इस इवेंट में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था, लेकिन इस बार उन्होंने कोई चूक नहीं की और गोल्ड पर अपना कब्जा करते हुए भारत का नाम रोशन किया। नीरज चोपड़ा अब ओलिंंपिक चैंपियन और वर्ल्ड चैंपियन दोनों हैं और वह ऐसी उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय भी है।
भारतीय झंडे पर साइन करने से नीरज चोपड़ा ने किया मना
नीरज चोपड़ा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद हंगरी की एक महिला प्रशंसक उनसे ऑटोग्राफ चाहती थी। इसके लिए उस महिला फैन ने नीरज चोपड़ा के सामने भारत का तिरंगा रख दिया और उस पर साइन करने का आग्रह किया, लेकिन स्टार स्पोर्ट्स के मुताबिक नीरज चोपड़ा ने उनसे कहा कि वहां भारतीय झंडे पर साइन नहीं कर सकते। इसके बाद उन्होंने महिला फैन की टीशर्ट की आस्तीन पर साइन किया और फिर वह महिला प्रशंसक खुश हो गईं। नीरज चोपड़ा ने जिस तरह से भारतीय ध्वज का मान रखा यह अपने आप में बेमिसाल है।
आपको बता दें कि नीरज चोपड़ा ने हंगरी के बुडापेस्ट में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में 88.17 मीटर भाला फेंककर पहले स्थान पर रहते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। सिर्फ 25 साल के नीरज चोपड़ा की जर्नी इस खेल में अब तक शानदार रहा है और आने वाले समय में वह और भी नई ऊंचाई हासिल कर सकते हैं। नीरज की उपलब्धियों की बात करें तो उन्होंने दुनिया के हर बड़े इवेंट में गोल्ड मेडल जीता है।
नीरज चोपड़ा की उपब्धियां
दक्षिण एशियाई खेल 2016 में गोल्ड मेडल
एशियन चैंपियनशिप 2017 में गोल्ड मेडल
कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में गोल्ड मेडल
एशियन गेम्स 2018 में गोल्ड मेडल
ओलंपिक 2020 में गोल्ड मेडल
डायमंड लीग 2022 में गोल्ड मेडल
विश्व चैंपियनशिप 2022 में सिल्वर मेडल
विश्व चैंपियनशिप 2023 में गोल्ड मेडल
