‘एमएस धोनी:द अनटोल्ड स्टोरी’ 30 तारीख को रिलीज होने जा रही है और इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह इस साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म है। दर्शकों के लिए यह फिल्म इसलिए नहीं खास है क्योंकि सुशांत सिंह राजपूत इसमें मुख्य भूमिका में हैं बल्कि इसलिए खास है क्योंकि यह भारत के चहेते क्रिकेट खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर आधारित है। फिल्म में धोनी का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का उनके बारे में कहना है, ‘धोनी जितने बेहतरीन क्रिकेटर हैं उतने ही शानदार एक्टर भी हैं।’

महेंद्र सिंह धोनी के अभिनय क्षमता की तारीफ सिर्फ सुशांत सिंह राजपूत ही नहीं कर रहे हैं बल्कि यह बात बहुत कम लोगों को पता है कि 2010 में बालीवुड के निर्देशक डेविड धवन ने अपनी फिल्म ‘हुक या क्रुक’ में अभिनय करने के लिए खुद धोनी से मुलाकात की थी। धोनी ने इस फिल्म में अभिनय करने के लिए अपनी हामी भी भर दिया था। एक क्रिकेटर के जीवन पर आधारित डेविड धवन की इस फिल्म में अभिनेता जॉन अब्राहम मुख्य भूमिका में थे और उनके साथ के.के मेमन तथा जेनेलिया डीसूजा भी अहम किरदार में थे लेकिन, किसी कारण वश यह फिल्म रिलीज ही नहीं हो पाई।

धोनी बॉलीवुड स्टार्स बिपाशा बसु और जॉन अब्राहम के क्लोज फ्रेंड हैं। उनका बड़े बालों वाला लुक जॉन से ही प्रेरित था। इसके आलावा धोनी सचिन तेंडुलकर, महानायक अमिताभ बच्चन और स्वर कोकिला लता मंगेशकर के बहुत बड़े फैन हैं। धोनी को कॉमेडी और एक्शन फिल्में देखना पसंद हैं। वो बिग बी की लगभग सभी फिल्में देखते हैं। धोनी ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ आगामी फिल्म ‘एमएस धोनी:द अनटोल्ड स्टोरी’ के प्रमोशन के लिए एक शॉर्ट वीडियो पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने इस बारे में खुलासा किया। भारत के सफलतम कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बनी फिल्म ‘एमएस धोनी:द अनटोल्ड स्टोरी’ अपनी रिलीज से पहले ही काफी चर्चित हो चुकी है और सिने प्रेमी इस फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

देखें वीडियो:

Read Also: नरसिंह यादव डोप मामले की जांच सीबीआई को, खेल पंचाट ने लगाया है चार साल बैन