वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में महेंद्र सिंह धोनी के शानदार 78 रन और रविचंद्रन अश्विन और कुलदीप यादव की धारधार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने मेजबान को 93 रन से हारकर 2-0 की बढ़त ले ली। 5 मैचों की सीरीज में भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला था। लेकिन उसकी शुरुआत खराब रही और ओपनर शिखर धवन जल्दी आउट हो गए। लेकिन अजिंक्य रहाणे ने शानदार खेल दिखाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी और केदार जाधव की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 4 विकेट खोकर 251 रन बनाए। महेंद्र सिंह धोनी ने 79 गेंदों पर 78 और जाधव ने 26 गेंदों पर 40 रन ठोक डाले।
लेकिन यह मैच धोनी के लिए बेहद खास रहा। उन्होंने इस मैच में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। अब धोनी भारत की ओर से वनडे में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ा, जिनके वनडे में 9378 रन थे। धोनी ने वनडे में अब 9442 रन बना लिए हैं। उनसे आगे सचिन तेंडुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं, इस मैच में 12 और रिकॉर्ड्स बने हैं।
-फिलहाल शॉन पोलॉक और चामिंडा वास ही एेसे खिलाड़ी हैं, जो वनडे में सबसे 72 बार नॉट आउट रहे हैं। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी हैं, जो 70 बार नाबाद पवेलियन लौटे हैं।
-केसरिक विलियम्स (69) अब वेस्टइंडीज की ओर से डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले मार्वन डिल्लन ने 68 रन दे दिए थे।
-महेंद्र सिंह धोनी का वेस्टइंडीज के खिलाफ सर्वाधिक स्कोर 95 रन है।
-पीयूष चावला के बाद कुलदीप यादव दूसरे एेसे भारतीय गेंदबाज है, जिन्होंने अपने पहले दो वनडे मैचों में 3 विकेट झटके हैं।
-रविचंद्रन अश्विन सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 111 मैचों में यह कारनामा किया। अनिल कुंबले ने सिर्फ 106 मैचों में यह कीर्तिमान हासिल किया था।
-कायले और शाई होप्स चौथी एेसी भाइयों की जोड़ी है, जिसने वेस्टइंडीज के लिए वनडे क्रिकेट खेला है। इससे पहले ड्वेन और डैरेन ब्रावो, पेड्रो कॉलिन्स और फिदेल एडवर्ड्स, रॉबर्ट और मार्लन सैमुअल्स कैरेबियाई देश के लिए खेल चुके हैं।
-अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छक्के मारने वाले बल्लेबाजों में महेंद्र सिंह धोनी पांचवे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 322 छक्के लगाए हैं, जो सनथ जयसूर्या से महज 30 पीछे हैं।
-तीसरे वनडे में भारतीय स्पिनर्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जितने विकेट लिए हैं, वह कैरेबियाई देश में भारतीय स्पिनर्स द्वारा लिए गए सबसे ज्यादा विकेट हैं।
-अजिंक्य रहाणे ने इस सीरीज में लगातार 3 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। उन्होंने 79 की औसत से सीरीज में 1 शतक और दो अर्धशतक की मदद से 237 रन बनाए हैं।
-अक्टूबर 2015 की शुरुआत से अजिंक्य रहाणे ने 17 पारियों में 8 अर्धशतक जड़े हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक लगाते हुए 45 से ज्यादा की औसत से 769 रन बनाए थे।
-महेंद्र सिंह धोनी ने इस मैच से पहले आखिरी बार अक्टूबर 2015 में मैन अॉफ द मैच का अवॉर्ड जीता था।
-धोनी अब तक वनडे में 73 बार 50 से ज्यादा का स्कोर बना चुके हैं।

