महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट से दूर रहकर भी लगातार सुर्खियों में हैं। वह भले ही लोगों को अपने बारे में कुछ बताएं या ना बताएं लेकिन फैंस की पैनी नजरें उन पर हमेशा रहती हैं। चाहे वो उत्तराखंड या मालदीप की खूबसूरती के बीच छुट्टियां मनाने निकले हों या फिर किसी शादी समारोह में पहुंचे हों। क्रिकेट फैंस की निगाहें हमेशा अपने पसंदीदा खिलाड़ी पर टिकी रहती हैं। हाल ही में माही महाराष्ट्र के पुणे में एक विज्ञापन शूट के लिए पहुंचे। यहां के लोगों को जैसे खबर मिली कि धोनी उनके शहर में आए हैं तो दौड़े-दौड़े उनकी एक झलक देखने के लिए चले आए। धोनी को देखने यहां भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान माही की हेयरस्टाइलिस्ट बॉडीगार्ड बनकर उनकी मदद के लिए आगे आईं।

माही की हेयरस्टाइलिस्ट सपना भावनानी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह धोनी को भीड़ से बचा रही हैं। इस दौरान धोनी को लोगों ने ऐसे घेर लिया था कि उनका अपनी कार तक पहुंचना भी काफी मुश्किल हो गया था। सपना के वीडियो में धोनी के बॉडीगार्ड भी नजर आ रहे हैं लेकिन उनकी हेयरस्टाइलिस्ट भी सुरक्षा में अपना भरपूर योगदान देती दिख रही हैं। वीडियो में फैंस का हुजूम दिखाई दे रहा…धोनी सड़क पर चल रहे हैं और उनके आगे-आगे सपना हाथ फैलाते हुए भीड़ को रोकतीं नजर दिखाई दे रही हैं। इसी बीच कुछ लोग धोनी के साथ सेल्फी लेने के लिए आगे आते हैं इतने में सपना उन्हें ढक्का दे देती हैं।

आपको बता दें कि यह वही सपना हैं जो धोनी के लुक में समय-समय पर बदलाव करती हैं। धोनी का हेयरस्टाइल लोकप्रिय करने में इसी महिला का योगदान है। धोनी खेल के अलावा अपने स्टाइलिश अंदाज को लेकर भी काफी जाने जाते हैं। लोग उनके हेयरस्टाइल को खूब फोलॉव करते हैं। जब भी धोनी के हेयरस्टाइल में आपने बदलाव देखा है उसमें ज्यादातर सपना का ही हाथ होता है। धोनी ने सपना द्वारा दिए गए स्पाइक्स, मोहॉक हेयरस्टाइल के जरिए काफी लोकप्रियता पाई है।

बात अगर धोनी के वर्कफ्रंट की करें तो फैंस धोनी को जल्द क्रिकेट मैदान पर देखेंगे। 29 मार्च से आईपीएल का 13वें सीजन शुरू होने वाला है और चेन्नई सुपरकिंग्स को तीन बार चैंपियन बनाने वाले धोनी अब जल्द ही प्रैक्टिस शुरू करने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक धोनी 29 फरवरी को चेन्नई पहुचेंगे और एक मार्च से वो चेपॉक स्टेडियम में प्रैक्टिस शुरू कर देंगे। धोनी के लिए ये आईपीएल बेहद अहम है, क्योंकि अगर वो इसमें अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उनकी टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में वापसी हो सकती है। बता दें धोनी साल 2019 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद से क्रिकेट मैदान से बाहर चल रहे हैं। इसके बाद वह कश्मीर में कुछ दिनों के लिए तैनात रहे।