पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी वनडे क्रिकेट में इतिहास रचने की कगार पर पहुंच गए हैं। धोनी अब विकेट के पीछे सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर बनने से एक कदम दूर हैं। श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में धनुष्का गुनाथिलका को स्टंप आउट करके वह इसी देश के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कुमारा संगाकारा के बराबर पहुंच गए हैं। संगाकारा और धोनी ने विकेट के पीछे 99 बार बल्लेबाजों को स्टंप आउट किया है। एक स्टंपिंग और करते ही धोनी वनडे क्रिकेट में विकेटों के पीछे सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर बन जाएंगे। इसके अलावा 100 स्टंपिंग करने वाले वह पहले क्रिकेटर हो जाएंगे। पहले वनडे में लसिथ मलिंगा को आउट कर धोनी के 98 शिकार हो गए थे। अब देखना यह है कि धोनी कितनी जल्दी अपना 100वां शिकार करते हैं।

गौरतलब है कि श्रीलंका को उसी की धरती पर 3-0 से हराकर भारतीय टीम ने इतिहास रचा था। यह पहली बार हुआ जब भारत ने किसी विदेशी जमीन पर 3-0 से सीरीज जीती है। भारतीय क्रिकेट के 85 वर्ष के इतिहास में अब तक भारत ने 2004 में बांग्लादेश और 2005 जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में क्लीन स्विप किया था, लेकिन वो दो मैचों की टेस्ट सीरीज थी। भारतीय टीम के वनडे सीरीज में भी हौसले बुलंद हैं। पहला मैच उसने 9 विकेट से जीता था। शिखर धवन ने 132 और कप्तान विराट कोहली ने 82 रनों की पारी खेली थी। इस दौरे पर भारत और अभी 3 वनडे और एक टी20 मैच और खेलना है।

देखें वीडियो:

https://twitter.com/Cricvids1/status/900661487336792065

वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी ने रिटायरमेंट की तैयारी कर ली है। क्रिकेट के बाद नए बिजनेस पर काम भी शुरू कर दिया है। खबर के अनुसार धोनी अपने गृहनगर रांची में एक फाइव स्टार होटल खोलने जा रहे हैं। बीते दिनों धोनी की कंपनी ‘रीति ट्रेवल एवं टिकटिंग प्राइवेट लिमिटेड’ ने यहां फाइव स्टार होटल खोलने का निर्णय लिया था। जिसे अब स्वीकार कर लिया गया है। होटल निर्माण में करीब तीन सौ करोड़ रुपए का खर्च आने का अनुमान लगाया गया है।