टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने क्रिकेट के मैदान पर एक नई पटकथा लिखी है। अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी के चलते इस दिग्गज ने भारत को कई मुकाबले जिताए हैं लेकिन इसके अलावा धोनी का सिंगिग टैलेंट भी लोगों के दिलों पर राज करता है।
गाना गाते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर धमाल मचा चुका है। लेकिन, इन दिनों एक और वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें धोनी नहीं बल्कि उनकी बेटी जीवा अपने सुर से सभी को दीवाना बना रही हैं। इस वीडियो में जीवा मलयालम भाषा में कृष्ण भजन गाती दिख रही हैं। इसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
जीवा के क्यूट वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर काफी पसंद किए जाते हैं। उनका बिहारी अंदाज हो या फिर मैदान में अपने पापा को चीयर करने का तरीका अक्सर फैंस उसे सराहते हैं। जीवा ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज से इस खूबसूरत और क्यूट वीडियो को शेयर किया है।
इस वीडियो पर फैन्स भी जमकर कमेंट कर रहे हैं। फैन्स लिख रहे हैं कि उन्हें भी अपने पिता की तरह ही सिंगिंग टैलेंट मिला है। जिवा अक्सर मैच के दौरान भी स्टेडियम में रहती हैं। इससे पहले धोनी का भी वीडियो काफी धमाल मचा चुका है जिसमें वह जब कोई बात बिगड़ जाए गाना गा रहे थे।
बता दें कि एमएस धोनी विश्वकप 2019 के बाद से टीम के साथ नहीं हैं। भारतीय टीम में उनकी वापसी का इंतजार करोड़ों फैंस कर रहे हैं। उम्मीद थी की श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज में धोनी हिस्सा लेंगे लेकिन 23 दिसंबर को जब टीम का एलान हुआ तो धोनी का नाम उस लिस्ट में भी नहीं था। धोनी इन दिनों अपने परिवार के साथ टाइम बिता रहे हैं। अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि धोनी न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम में वापसी कर सकते हैं।
