महेंद्र सिंह धोनी को लेकर फैंस की दीवानगी किसी से छुपी नहीं है उसी तरह बाइक्स को लेकर धोनी की दीवानगी भी उतनी ही मशहूर है। धोनी को गाड़ियों और बाइक्स का इतना शौक है कि उनके पास इसका पूरा कलेक्शन है। अब तक फैंस ने इसके बारे में केवल सुना था लेकिन सोमवार को उन्हें इसकी झलक देखने को मिली। इस वीडियो को देखकर फैंस को यकीन नहीं हो रहा है।
एमएस धोनी ने वेंकटेश प्रसाद को दिखाया अपना कलेक्शन
यह वीडियो भारत के पूर्व खिलाड़ी वेंकटेश प्रसाद ने शेयर किया है। वीडियो में वेंकटेश बताते हैं कि उन्हें धोनी का बाइक कलेक्शन देखकर ऐसा लग रहा है कि वह किसी शोरूम में आ गए हैं। वीडियो में हर जगह केवल बाइक और गाड़ियां खड़ी नजर आ रही थीं। धोनी बड़े ही उत्साह से वेंकटेश को अपना कलेक्शन दिखा रहे थे।
धोनी के लिए बेहद खास है कलेक्शन
साक्षी इस वीडियो में धोनी से पूछती हैं कि इतनी बाइक्स रखने की क्या वजह है? धोनी जवाब देते हुए कहते हैं, ‘मैं चाहता था कि कोई ऐसी चीज हो जो सिर्फ मेरी हो। और यह कलेक्शन सिर्फ मेरा है। तुम तो चाहती थी कि यह जगह बैडमिंटन कोर्ट के बाद हो लेकिन मैं जिद पर अड़ा।’ वहीं वेंकटेश प्रसाद ने कहा कि इस तरह की कलेक्शन के लिए इंसान के अंदर जुनून और पागलपन होना जरूरी है।
वेंकटेश प्रसाद ने धोनी के कलेक्शन को बताया पागलपन
प्रसाद ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘मैंने ऐसा पागपन पहले नहीं देखा। क्या कलेक्शन हैं और क्या कमाल के इंसान हैं धोनी। कितनी बड़ी कामयाबी। यह रांची में धोनी के घर में मौजूद उनके बाइक और कार कलेक्शन की झलक है। मैं उनका जुनून देखकर हैरान था।”
धोनी ने अपनी पहली बाइक से लेकर एक से एक महंगी बाइक को इस कलेक्शन में रखा है। धोनी के पास 100 से ज्यादा बाइक हैं। उनके क्लकेशन में 34 लाख की Ninja H2, 47 लाख की X132 Hellcat और 30 लाख की Ducati 1098 भी शामिल है।