सेरेना विलियम्स, विक्टोरिया अजारेंका और त्सेवाताना पिरोनकोवा ने मंगलवार यानी 8 सितंबर 2020 को इतिहास रचा। ये तीनों टेनिस स्टार यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं। ग्रैंड स्लैम के 143 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में 3 माएं पहुंचीं हों। उनकी इस उपलब्धि को यूएस ओपन ने भी सराहा है। यूएस ओपन के आधिकारिक ट्विटर हैंडल किए गए ट्वीट में कहा गया है, ‘ग्रैंड स्लैम इतिहास में पहली बार, तीन मॉम क्वार्टर फाइनल में हैं। 1. सेरेना विलियम्स 2. विक्टोरिया अजारेंका 3. त्सेवाताना पिरोनकोवा।’
एक अन्य ट्वीट में, यूएस ओपन ने लिखा, ‘हम गर्व से कहते हैं कि … यह मदर ऑफ ग्रैंड स्लैम्स है? 31 अगस्त को जब टूर्नामेंट शुरू हुआ तब महिला वर्ग में नौ माएं हिस्सा ले रहीं थीं।’ बुल्गारियाई टेनिस स्टार त्सेवाताना पिरोनकोवा तीन साल बाद कोर्ट पर लौटीं हैं। उन्होंने अप्रैल 2018 में बेटे एलेक्जेंडर को जन्म दिया था। विक्टोरिया अजारेंका बेलारूस की रहने वाली हैं। वह वर्ल्ड नंबर वन भी रह चुकी हैं। उन्होंने 19 दिसंबर 2016 को बेटे लियो को जन्म दिया था। 23 ग्रैंड स्लैम अपने नाम कर चुकीं सेरेना विलियम्स इसी महीने की 26 तारीख को 39 साल की हो जाएंगी। उन्होंने एक सितंबर 2017 को बेटी ओलंपिया को जन्म दिया था।
सेरेना, अजारेंका और त्सेवाताना में सबसे उम्रदराज सेरेना हैं। अजारेंका 31 साल की हैं, जबकि त्सेवाताना इस महीने की 13 तारीख को 33 साल की हो जाएंगी। बता दें कि सेरेना विलियम्स ने मारिया सकारी पर जीत हासिल करने के बाद यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, सेरेना के लिए मारिया को हराना आसान नहीं रहा। इसके लिए उन्हें कोर्ट पर 2 घंटे 29 मिनट तक संघर्ष करना पड़ा। सेरेना ने मारिया को 6-3, 6-7 (6), 6-3 से हराया।
अब क्वार्टर फाइनल में सेरेना का मुकाबला पिरोनकोवा से होगा। पिरोनकोवा ने अंतिम-8 में जगह बनाने के लिए एलिज कॉर्नेट को हराया। वहीं, अजारेंका ने कैरोलिना मुचोवा को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अब क्वार्टर फाइनल में अजारेंका की बेल्जियम की एलिस मर्टेंस से भिड़ंत होगी। मर्टेंस इस टूर्नामेंट में 16वीं वरीय खिलाड़ी हैं। उनकी वर्ल्ड वुमन्स सिंगल्स में मौजूदा रैंकिंग 18 है।
बता दें कि मां बनने के बाद अब तक केवल तीन महिलाएं ही कोई ग्रैंड स्लैम जीत पाईं हैं। यह उपलब्धि बेल्जियम की किम क्लिसटर्स, ऑस्ट्रेलिया की इवोन गोलगॉन्ग और मार्गरेट कोर्ट के नाम दर्ज है। सेरेना 23 ग्रैंड स्लैम जीत चुकी हैं। यदि वह इस टूर्नामेंट को जीतती हैं तो न सिर्फ मार्गरेट कोर्ट के 24 ग्रैंड स्लैम जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी करेंगी, बल्कि मां बनने के बाद ग्रैंड स्लैम जीतने वाली चौथी खिलाड़ी भी बन जाएंगी।