महान फर्राटा धावक मिल्खा सिंह की बेटी और मशहूर गोल्फर जीव मिल्खा सिंह की बड़ी बहन मोना इन दिनों न्यूयॉर्क के एक अस्पताल में कोराना वायरस से पीड़ितों के उपचार में जुटी हैं। मोना मिल्खा सिंह न्यूयॉर्क के मेट्रोपोलिटन हॉस्पिटल सेंटर में डॉक्टर हैं। वे कोरोना के आपात मरीजों का इलाज कर रही हैं। अमेरिका में इस महामारी से अब तक 40000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
चार बार के यूरोपीय टूर चैम्पियन जीव ने कहा, ‘वह न्यूयार्क के मेट्रोपोलिटन अस्पताल में आपात कक्ष डाक्टर हैं। जब भी कोरोना के लक्षण वाला कोई मरीज आता है तो उसे उपचार करना होता है।’ उन्होंने कहा, ‘वह पहले मरीज की जांच करती है जिसके बाद उन्हें क्वारेंटाइन (पृथकवास) के लिए विशेष वार्ड में भेजा जाता है।’ 54 साल की मोना ने पटियाला से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की थी। वे नब्बे के दशक में अमेरिका में बस गईं।
बेटी जीव के लिए मिल्खा सिंह ने कहा ,‘मुझे उन पर गर्व है। वह हर रोज मैराथन दौड़ रही हैं। वे हफ्ते में पांच दिन काम करती है। कभी दिन में, कभी रात में और वह भी 12-12 घंटे।’ उन्होंने कहा, ‘मैं उन्हें लेकर चिंतित हूं। लोगों का इलाज करते समय कुछ भी हो सकता है। हम उनसे रोज बात करते हैं। मम्मी पापा भी उनसे रोज बात करते हैं। मैं उन्हें पॉजिटिव (सकारात्मक) रहने और इम्युनिटी पावर (प्रतिरोधक क्षमता) बढ़ाने के लिए कहता हूं।’
जीव मिल्खा ने कोरोना के खिलाफ मोर्चे पर काम में लगे कर्मवीरों का सम्मान करने की अपील की। बता दें कि भारत में हेल्थ वर्कर्स (स्वास्थ्यर्किमयों) पर हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं देश के हर नागरिक से अपील करना चाहता हूं कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जुटे लोगों का सम्मान करें। चाहे वे डॉक्टर हों, पुलिस या फिर सफाईकर्मी। उनका सम्मान करना चाहिए। हमें उनकी चिंता करनी चाहिए।’

