ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क का फैशन डिजाइनर पिप एडवर्ड्स के साथ अफेयर की खबरें तो पहले से चल रही थीं, लेकिन अब दोनों को एक दूसरे के बाहों में बांहें डाले देखे जाने के बाद दोनों के बीच रोमांस की पुष्टि होती दिख रही है। दोनों को रविवार रात बॉन्डी बीच के किनारे स्थित एक रेस्त्रां में साथ-साथ देखा गया। इस दौरान पिप का 13 साल का बेटा जस्टिस भी मौजूद था।

पिप एडवर्ड्स ने पिछले साल ही कहा था कि वह डीजे शैनन डोड को डेट कर रही हैं। उन्होंने डोड के साथ कोलोराडो ट्रिप के फोटो भी शेयर किए थे। इससे पहले उनका फैशन डिजाइनर डैन सिंगल से भी अफेयर रहा था। डैन से ही उनका बेटा जस्टिस है। डैन और पिप 2000 के आखिर से साथ-साथ रह रहे थे, लेकिन 2008 में दोनों अलग हो गए थे।

माइकल क्लार्क ने इस साल वैलेंटाइन वीक यानी 13 फरवरी को मॉडल पत्नी काइली बोल्डी से तलाक लिया था। दोनों की एक बेटी केल्सी ली भी है। क्लार्क और काइली ने 2012 में शादी की थी। क्लार्क ने 2015 में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। उसी साल वह पिता भी बने थे। क्लार्क और काइली में आपसी सहमति से तलाक हुआ था। समझौते के तहत क्लार्क हर्जाने के तौर पर काइली को 4 करोड़ डॉलर (करीब 285 करोड़ रुपए) भी देंगे।

डेली मेल की खबर के मुताबिक, 40 साल की पिप एडवर्ड्स 39 साल के माइकल क्लार्क से लिपटी हुई दिखीं। वह ब्लैक स्कर्ट और इसी कलर की फुल स्लीव्स टीशर्ट पहने हुईं थीं। माइकल क्लार्क भी काफी खुश दिखाई दे रहे थे। वह स्टायलिश जंपर और ब्लैक जॉगर्स में थे। दोनों जब रेस्त्रां में पहुंचे तो वहां पिप का बेटा जस्टिस पहले से बैठा था। ऐसा लग रहा था कि वह दोनों का इंतजार ही कर रहा था।

बता दें कि क्लार्क के भी कई महिलाओं से रिश्ते रहे हैं। इससे पहले उन्हें लेकर मीडिया में खबरें थीं कि उनका संबंध अपनी असिस्टेंट साशा आर्मस्ट्रॉन्ग से है। साशा माइकल क्लार्क की क्रिकेट एकेडमी का कामकाज संभालती हैं। साशा और क्लार्क की फोटो भी मीडिया में लीक हुई थी। उस तस्वीर में दोनों एक लग्जरी यॉट में लेटे हुए थे।

क्लार्क ने हाल ही में बेहद सनसनीखेज बयान दिया था। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया मीडिया में काफी सुर्खियों में थे। क्लार्क ने दावा किया था कि भारत-ऑस्ट्रेलिया 2018 सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी अपना आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट बचाए रखने के लिए भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ स्लेजिंग का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे।