MI vs KKR, IPL 2021: इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2021 के 34वें मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही वह आईपीएल 2021 की पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गई। वहीं, चौथे नंबर काबिज मुंबई इंडियंस छठे नंबर पर खिसक गई।

अबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान इयोन मॉर्गन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 155 रन बनाए। उसकी ओर से क्विटंन डीकॉक ने अर्धशतक लगाया। केकेआर की ओर से लॉकी फर्ग्युसन और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट लिए। एक विकेट सुनील नरेन के खाते में गया। कीरोन पोलार्ड रन आउट हुए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स ने 15.1 ओवर में 3 विकेट पर 159 रन बना मैच जीत लिया। कोलकाता की ओर से राहुल त्रिपाठी ने 8 चौके और 3 छक्के की मदद से 42 गेंद में 74 रन बनाए। उन्होंने 29 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। वेंक्टेश अय्यर 30 गेंद में 53 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। उनकी यह आईपीएल की पहली फिफ्टी है।

कोलकाता ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2 साल बाद जीत हासिल की है। इससे पहले उसने आखिरी बार मुंबई को 28 अप्रैल 2019 को हराया था। उसके बाद से इस मैच के पहले तक दोनों के बीच 4 मैच खेले गए और सभी में मुंबई इंडियंस ने बाजी मारी थी। आईपीएल में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच अब तक 29 मैच खेले गए हैं। इनमें से मुंबई इंडियंस ने 22 में जीत हासिल की है, जबकि 7 में उसे हार मिली है।

इस मैच में रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया। वह चौथे ओवर में वरुण चक्रवर्ती की दूसरी गेंद पर चौका लगाने के साथ आईपीएल (IPL) में किसी भी टीम के खिलाफ 1000 रन बनाने दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। इस मैच से पहले उनके केकेआर (KKR) के खिलाफ 982 रन थे।

रोहित शर्मा ने वरुण चक्रवर्ती के ओवर की पहली गेंद पर भी चौका लगाया था। वह गेंद थोड़ी सी ऊपर थी। रोहित ने ऑफ स्टंप से पिक किया, पैर आगे निकाला और सर्किल के अंदर खड़े मिड ऑफ के ऊपर से उठाकर खेल दिया।

Match Ended

Indian Premier League, 2021

Mumbai Indians 
155/6 (20.0)

vs

Kolkata Knight Riders  
159/3 (15.1)

Match Ended ( Day – Match 34 )
Kolkata Knight Riders beat Mumbai Indians by 7 wickets

Live Updates
21:58 (IST) 23 Sep 2021
गिल लौटे पवेलियन

तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने शुभमन गिल को बोल्ड कर दिया। उनकी यह धीमी गेंद थी। मिडिल स्टंप पर ऊपर डाली हुई, गिल रफ़्तार के लिए तैयार थे। वह पहले ही खेल बैठे, लेकिन गेंद देर से आई और स्टंप्स बिखेर गई। इस तरह कोलकाता की शुभ शुरुआत पर बुमराह ने विराम लगाया।

21:45 (IST) 23 Sep 2021
पहले ओवर में केकेआर ने ठोके 15 रन

केकेआर की ओर से शुभमन गिल और वेंक्टेश अय्यर ने पारी की शुरुआत की। मुंबई इंडियंस के लिए पहला ओवर ट्रेंट बोल्ट लेकर आए। गिल ने दूसरी ही गेंद पर छक्का लगा दिया। तीसरी गेंद पर स्ट्राइक अय्यर को दी। अय्यर ने चौथी गेंद पर छक्का जड़कर अपना खाता खोला। अय्यर ने आखिरी गेंद पर दो रन लिए। इस तरह केकेआर ने पहले ओवर में 15 रन बनाए।

21:32 (IST) 23 Sep 2021
अच्छी शुरुआत को बढ़िया स्कोर में नहीं बदल पाई मुंबई इंडिंयस

मुंबई इंडियंस ने एक बढ़िया शुरुआत का निराशजनक अंत किया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने के बाद रोहित और डिकॉक ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहली विकेट के लिए 78 रन जोड़े। इस दौरान रोहित आईपीएल इतिहास में किसी एक टीम के ख़िलाफ़ 1000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। हालांकि पारी के दूसरे भाग में हुआ उसने मुंबई के समर्थकों को बेहद निराश किया। एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए। डिकॉक ने अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन वह भी टीम की डूबती नैया को बचा नहीं पाए। अंत में कीरोन पोलार्ड ने कुछ बड़े शॉट्स लगाए और टीम को 155 तक पहुंचाया।

21:13 (IST) 23 Sep 2021
लॉन्ग आन पर कैच आउट हुए इशान किशन

लॉकी फर्ग्युसन ने 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर इशान किशन को आउट किया। फर्ग्युसन की यह गेंद पहले से तेज थी। बैक ऑफ लेंथ और पांचवें स्टंप पर। इशान ऑफ स्टंप के बाहर से घसीटना चाहते थे, मिडविकेट की ओर, बाहरी भाग पर लगकर गेंद ऊपर उठी, लॉन्ग ऑन से आगे भागते हुए आंद्रे रसेल ने एक बढ़िया कैच लपका। मुंबई की मुसिबतें रुकने का नाम ही नहीं ले रही हैं। इशान किशन की जगह नए बल्लेबाज क्रुणाल पंड्या आए हैं।

21:03 (IST) 23 Sep 2021
प्रसिद्ध कृष्णा को मिली दूसरी सफलता

प्रसिद्ध कृष्णा ने 15वें ओवर की 5वीं गेंद पर क्विंटन डीकॉक को आउट किया। कृष्णा ने पहले तेज गति से छकाया और अब धीमी गति से फंसाया। आगे डाली गेंद, ऑफ कटर थी ऑफ स्टंप के बाहर। क्विंटन उसे अपने पसंदीदा मिडविकेट क्षेत्र में मारना चाहते थे, नीचे नहीं रख पाए, मिडविकेट के फील्डर को थमाया एक आसान कैच। प्रसिद्ध कृष्णा को दूसरी सफलता मिली। उनकी जगह कीरोन पोलार्ड क्रीज पर आए।

20:38 (IST) 23 Sep 2021
प्रसिद्ध कृष्णा ने पहली ही गेंद पर सूर्यकुमार को दिखाया पवेलियन का रास्ता

प्रसिद्ध कृष्णा ने 13वें ओवर की पहली गेंद पर सूर्यकुमार को आउट किया। यह गेंद आगे थी। टेस्ट मैच वाली लाइन और लेंथ। सूर्यकुमार ऑफ स्टंप से गेंद को फ्लिक करना चाहते थे स्क्वेयर लेग की ओर। गेंद ने पड़कर कांटा बदला, बाहर निकली, बाहरी किनारा लेकर गई विकेटकीपर के दस्तानों में, मुंबई को लगा दूसरा झटका।

20:26 (IST) 23 Sep 2021
कोलकाता नाइटराइडर्स को मिली पहली सफलता

सुनील नरेन ने 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर कोलकाता नाइटराइडर्स को पहली सफलता दिलाई। यह गेंद ऑफ स्टंप के बाहर ऊपर थी। रफ्तार कम थी हवा ज्यादा। रोहित लॉन्ग ऑन के ऊपर से गेंद को शारजाह पहुंचाने की कोशिश में थे। टाइमिंग सही नहीं बैठा पाए और नरेन एक बार फिर रोहित को अपना शिकार बनाने में सफल रहे।

20:04 (IST) 23 Sep 2021
डीकॉक ने लगाए छक्के

प्रसिद्ध कृष्णा कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए छठा ओवर लेकर आए। क्विंटन डीकॉक ने छठे ओवर की 5वीं गेंद पर छक्का लगाया। इससे पहले लॉकी फर्ग्युसन के ओवर की छठी गेंद पर भी छक्का लगाया था।

19:49 (IST) 23 Sep 2021
मुंबई इंडियंस का भारी है पलड़ा

रोहित शर्मा की टीम का रिकॉर्ड भी कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ काफी अच्छा है। उसने 28 में से 22 मैच अपने नाम किए हैं। यदि वह आज का मैच जीतने में सफल रही तो आईपीएल 2021 की पॉइंट्स टेबल में 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगी। यदि केकेआर बाजी मारने में सफल रही तो वह चौथे नंबर पर पहुंच जाएगी, जबकि मुंबई शीर्ष-4 से बाहर हो जाएगी।

19:32 (IST) 23 Sep 2021
रोहित ने चौके से खोला खाता

मुंबई इंडियंस की ओर से रोहित शर्मा और क्विंटन डीकॉक ने पारी की शुरुआत की। कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए नितीश राणा पहला ओवर लेकर आए। रोहित शर्मा ने स्ट्राइक ली। रोहित ने उनकी पहली ही गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजकर अपना और टीम का खाता खोला।

19:25 (IST) 23 Sep 2021
मैच फैक्ट

अब तक केवल 2 बार (2016 और 2018) ऐसा हुआ है जब रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है। वहीं आरसीबी के खिलाफपिछले मैच में वेंकटेश अय्यर ने डेब्यू करते हुए अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। क्या आपको पता था कि रजनीकांत के बड़े फैन अय्यर मैनेजमेंट में अच्छी खासी नौकरी कर सकते थे, लेकिन उन्होंने क्रिकेट को चुना।

19:06 (IST) 23 Sep 2021
ये है कोलकाता नाइटराइडर्स की प्लेइंग इलेवन

कोलकाता नाइटराइडर्स: वेंकटेश अय्यर, शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी, नितीश राणा, इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, लॉकी फर्ग्युसन, वरुण चक्रवर्ती, प्रसिद्ध कृष्णा।

19:05 (IST) 23 Sep 2021
ये है मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, सौरभ तिवारी, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, एडम मिलने, राहुल चाहर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट।