केंद्र सरकार ने 71वें गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले यानी 25 जनवरी 2020 को पद्म पुरस्कारों के लिए चुनी गईं हस्तियों के नाम का ऐलान किया। हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया जाता है। इस साल 118 हस्तियों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसमें छह बार की वर्ल्ड चैंपियन मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम और भारत की नंबर वन शटलर और ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला यानी पीवी सिंधु भी शामिल हैं।
मैरीकॉम को देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान यानी पद्म विभूषण के लिए चुना गया है। वहीं, पीवी सिंधु को पद्म भूषण से नवाजा जाएगा। पद्म भूषण भारत रत्न और पद्म विभूषण के बाद देश का तीसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है।
मैरीकॉम और पीवी सिंधु के अलावा खेल जगत की 6 और बड़ी हस्तियों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया है। इसमें भारतीय क्रिकेटर जहीर खान भी शामिल हैं। जहीर खान को पद्मश्री के लिए चुना गया है।

उनके अलावा महिला फुटबॉलर ओइनम बेमबेम देवी (Oinam Bembem Devi), पूर्व हॉकी खिलाड़ी एमपी गणेश, ओलंपिक में पदक जीतने वाले जीतू, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल और 2010 ग्वांगझू एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाले भारतीय तीरंदाज तरुणदीप रॉय को भी पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।
मैरीकॉम 6 बार वर्ल्ड चैंपियन बनने वाली दुनिया की इकलौती मुक्केबाज हैं। उन्होंने पिछले महीने ही रूस में खत्म हुई महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। वे इकलौती मुक्केबाज (पुरुष या महिला) हैं, जिन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में 8 पदक जीते हैं। वे पांच बार की एशियन एमेच्योर मुक्केबाजी चैंपियन रह चुकी हैं, जो एक विश्व रिकॉर्ड है।
मैरीकॉम ने 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था, लेकिन 2016 रियो ओलंपिक के लिए वे क्लालिफाई नहीं कर पाईं थीं। हालांकि, इस साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक में क्वालिफाई करने के लिए वे कड़ी मेहनत कर रही हैं।
[bc_video video_id=”6126235717001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]

