एशियाड खेलों में भारतीय खेल दल का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय खिलाड़ी मंजीत सिंह ने पुरुषों की 800 मीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया है। जबकि इसी दौड़ में भारतीय एथलीट जिनसन जॉनसन भारत के लिए रजत पदक जीतने में कामयाब रहे हैं। मंजीत सिंह ने अपने ​करियर का सर्वश्रेष्ठ देते हुए 1 मिनट 46:15 सेकेंड में ये दौड़ पूरी की है। जबकि जिनसन जॉनसन इस दौड़ को 1 मिनट 46:35 सेकेंड में इसे पूरा कर सके। भारत के लिए ऐसा सुनहरा मौका 1962 के बाद आया है।

भारतीय दल के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले मंजीत सिंह मूलत: पटियाला के रहने वाले हैं। उनका जन्म एक सितंबर 1989 को हुआ था। इससे पहले इसी साल 27 जून को गुवाहाटी में हुई अंतरराज्यीय प्रतियोगिता में मंजीत सिंह ने 1 मिनट 46:24 सेकेंड के वक्त में 800 मीटर की दौड़ पूरी की थी।

वहीं भारत के लिए रजत पदक जीतने वाले जिनसन जॉनसन केरल के रहने वाले हैं। उनका जन्म 15 मार्च 1991 को कोझिकोड में हुआ था। वह भारत के मध्यम दूरी के सर्वश्रेष्ठ धावकों में से एक हैं। वह 800 और 1500 मीटर की दूरी के खिलाड़ी हैं। साल 2016 के ओलंपिक खेलों में उन्होंने 800 मीटर की दौड़ में हिस्सा लिया था।

जबकि साल 2018 के कॉमनवेल्थ खेलों में उन्होंने 1500 मीटर की दौड़ में नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने 23 साल पुराना बहादुर प्रसाद का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। वहीं हाल ही में गुवाहाटी में हुए अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने चार दशक से भी पुराने श्रीराम सिंह के रिकॉर्ड को तोड़ा और 800 मीटर में स्वर्ण पदक जीता। उन्होने एक मिनट 45.65 सेकंड का समय दर्ज किया था। इस बार उन्हें देश के लिए इंडोनेशिया के जकार्ता में रजत पदक जीतने का मौका मिला है। जिनसन जॉनसन भारतीय सेना के अधिकारी भी हैं। ​वह साल 2009 में सेना में शामिल हुए थे। वर्तमान में जूनियर कमिशंड ऑफिसर के तौर पर हैदराबाद में तैनात ​हैं।