विश्व कप क्रिकेट से केवल एक सप्ताह पहले भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी शुक्रवार को एक बेटी के पिता बन गये। उनकी पत्नी साक्षी ने यहां एक निजी अस्पताल में लड़की को जन्म दिया।

इस 33 वर्षीय क्रिकेटर की यह पहली संतान है। उनकी बेटी का यहां फोर्टिस अस्पताल में जन्म हुआ। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे का वजन 3.7 किग्रा है।

धोनी अभी आस्ट्रेलिया में विश्व कप की तैयारियों में जुटे हैं जहां टीम खिताब बचाने के लिये उतरेगी।

साक्षी अमूमन विदेशी दौरों पर अपने पति के साथ जाती रही है लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान वह धोनी के साथ नहीं गयी थी।

धोनी चार जुलाई 2010 को अपनी बचपन की मित्र साक्षी सिंह रावत से परिणय सूत्र में बंधे थे।