इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मंगलवार (1 अप्रैल) को पंजाब किंग्स के ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने लगभग 203 के स्ट्राइक रेट से 69 रन ठोके और प्लेयर ऑफ द मैच रहे। पंजाब किंग्स ने प्रभसिमरन को 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। 24 साल के इस खिलाड़ी ने 23 गेंद पर अर्धशतक ठोककर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के दिग्गज खिलाड़ी सुनील नरेन का रिकॉर्ड तोड़ा।

लखनऊ के इकाना में आईपीएल का सबसे तेज अर्धशतक प्रभसिमरन सिंह के नाम हो गया। नरेन ने पिछले साल 27 गेंद पर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। प्रभसिमरन ने 9 चौके और 3 छक्के की मदद से 34 गेंद पर 69 रन बनाए। 202.94 का स्ट्राइक रेट रहा। उनकी बल्लेबाजी के कारण 172 रन का लक्ष्य काफी साधारण साबित हुआ। पंजाब को 22 गेंद रहते जीत मिली।

2019 में आईपीएल डेब्यू

प्रभसिमरन को इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ प्रभसिमरन का बल्ला नहीं चला था। उन्होंने 5 रन बनाए थे। प्रभसिमरन ने 2019 में आईपीएल डेब्यू किया था। वह पंजाब किंग्स का ही हिस्सा रहे। 2023 से पहले उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले। 2023 में उन्होंने 14 मैच में 358 और 2024 में 14 मैच में 334 रन बनाए। इसके बाद उन्हें पंजाब किंग्स ने मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन किया।

प्रभसिमरन सिंह का आईपीएल करियर

प्रभसिमरन सिंह ने आईपीएल के 36 मैच में 23.06 के औसत और 148.48 के स्ट्राइक रेट से 830 रन बनाए हैं। इसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल है। 103 उनका सर्वोच्च स्कोर है। 2023 में उन्होंने शतक जड़ा था। 2019 से 2022 के बीच प्रभसिमरन सिर्फ 6 मैच खेल पाए थे। 2019 और 2022 में 1-1 मैच खेले थे। 2020 और 2021 में 2-2 मैच खेले थे।