किंग्स इलेवन पंजाब ने इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण के आठवें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आठ विकेट से हरा दिया। बैंग्लोर से मिले 149 रनों के औसत लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने हाशिम अमला (नाबाद 58) और कप्तान ग्लेन मैक्सवेल (नाबाद 43) की सधी हुई पारियों के दम पर 33 गेंद शेष रहते 150 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। सत्र में पंजाब की यह लगातार दूसरी जीत है, जिसके बल पर पंजाब अंकतालिका में सनराइजर्स हैदराबाद के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया। मनन वोहरा (34) ने अमला के साथ पंजाब को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। वोहरा का विकेट टाइमल मिल्स ने लिया।
वोहरा के अलावा पंजाब ने अक्षर पटेल (9) का विकेट गंवाया। अक्षर 78 के कुल योग पर युजवेंद्र चहल की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो पवेलियन लौटे। इसके बाद अमला और मैक्सवेल ने बिना किसी परेशानी के 72 रनों की नाबाद साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिलाई। अमला-मैक्सवेल ने 11 से अधिक के औसत से यह रन बटोरे। अमला ने 38 गेंदों की नाबाद पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि मैक्सवेल ने 22 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और चार छक्के जमाए। इससे पहले, अब्राहम डिविलियर्स (नाबाद 89) की तूफानी पारी की बदौलत बेंगलुरू ने किसी तरह चार विकेट पर 148 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। एक समय सस्ते में निपटती नजर आ रही बेंगलुरु के लिए आखिरी पांच ओवरों में 77 रन जोड़ते हुए डिविलियर्स ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
डिविलियर्स को क्रिस गेल की जगह टीम में शामिल किया गया था और आईपीएल-10 में उनका पहला मैच था। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत बेहद खराब रही। शेन वाटसन (1), विष्णु विनोद (7) और केदार जाधव (1) पांचवें ओवर तक 22 के कुल योग पर पवेलियन लौट चुके थे और टीम बेहद दबाव में आ गई। पंजाब के गेंदबाजों ने इसके बाद बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए बैंग्लोर के रनों की गति पर जैसे विराम सा लगा दिया। बेंगलुरु ने एक समय 15 ओवरों में चार विकेट पर मात्र 71 रन बनाए थे। इस बीच मंदीप सिंह (28) ने डिविलियर्स का साथ देने की भरपूर कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी भी की, लेकिन यह साझेदारी 5.63 के बेहद धीमे औसत से हुई।
16वें ओवर की समाप्ति तक 30 गेंदों में 38 रन बनाकर खेल रहे डिविलियर्स ने बल्ले का गियर बदला और छक्कों की झड़ी लगा दी। डिविलियर्स ने इसके बाद खेली गई 16 गेंदों में सात छक्के और एक चौके की मदद से 51 रन जोड़ डाले। डिविलियर्स ने कुल 46 गेंदों का सामना किया और तीन चौके तथा नौ छक्के लगाकर नाबाद लौटे। डिविलियर्स के साथ स्टुअर्ट बिन्नी ने नाबाद 18 रनों का योगदान दिया। पंजाब के लिए अक्षर पटेल बेहद किफायती साबित हुए। अक्षर ने चार ओवरों के अपने कोटे में मात्र 12 रन दिए और एक विकेट हासिल किया। वरुण एरॉन को सर्वाधिक दो विकेट मिले। वरुण ने भी 5.25 के औसत से मात्र 21 रन दिए। बेंगलुरु का इस सत्र में यह तीसरा मैच था, जिसमें उसे दूसरी हार मिली है। अंकतालिका में बैंग्लोर छठे स्थान पर खिसक गई है।
दोनों टीमों का अंतिम एकादश:
किंग्स इलेवन पंजाब: ग्लेन मैक्सवेल (कप्तान), हासिम अमला, मनन वोहरा, रिद्धिमाना साहा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, डेविड मिलर, मार्कस स्टोनियस, मोहित शर्मा, संदीप शर्मा, टी नटराजन, वरुण एरोन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: शेन वाटसन (कप्तान), मनदीप सिंह, एबी डीविलियर्स, केदार जाधव, स्टुअर्ट बिन्नी, विष्णु विनोद (विकेटकीपर), पवन नेगी, इकबाल अब्दुल्ला, टाइमल मिल्स, युजवेंद्र चहल, बिली स्टेनलेक
यहां पढ़ें IPL 2017 Live Cricket Score of KXIP vs RCB T20 Match
11:02 PM: कप्तान ग्लेन मैक्सवेल ने नाबाद 43 और हाशिम अमला ने नाबाद 58 रन बनाए। दोनों खिलाड़ियों के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 72 रन की साझेदारी की बदौलत पंजाब ने बेंगलुरु को 33 गेंद शेष रहते मात देकर आईपीएल-10 में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
10:55 PM: किंग्स इलेवन पंजाब को जीतने के लिए 15 रन और बनाने हैं। अभी उसके आठ विकेट सुरक्षित हैं।
10:51 PM: हाशिम अमला ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वो 53 रन बनाकर खेल रहे हैं। कप्तान ग्लेन मैक्सवेल 18 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। 12 ओवर की समाप्ति पर पंजाब ने दो विकेट के नुकसान पर 119 रन बना लिए हैं।
10:46 PM: 11वें ओवर की समाप्ति के बाद किंग्स इलेवन पंजाब का स्कोर 107/2, 54 गेंदों में जीत के लिए 42 रन और बनाने हैं।
10:39 PM: अक्षर पटेल के विकेट के पतन के बाद ग्लेन मैक्सवेल बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए हैं। हाशिम अमला पंजाब के लिए अच्छी पारी खेल रहे हैं।
10:35 PM: युजवेंद्र चहल ने पंजाब को दूसरा झटका दिया है। उन्होंने अक्षर पटेल को नौवें ओवर की पहली गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। पंजाब ने 78 रन बना लिए हैं। उसे मैच जीतने के लिए 71 गेंद में 71 रन और बनाने हैं।
10:26 PM: मनन वोहरा के आउट होने के बाद अक्षर पटेल क्रीज पर हाशिम अमला का साथ निभाने आए हैं। पंजाब को जीत के लिए 83 गेंदों में 84 रन बनाने हैं।
10:22 PM: छठें ओवर की समाप्ति पर किंग्स इलेवन पंजाब ने मनन वोहरा का विकेट गवांकर 62 रन बना लिए हैं। टाइमल मिल्स ने वोहरा को 34 रन के निजी स्कोर पर पगबाधा आउट किया।
10:13 PM: शेन वाटसन के ओवर में 17 रन बने। चार ओवर की समाप्ति के बाद किंग्स इलेवन पंजाब का स्कोर 43/0, अमला 15 और वोहरा 27 रन बनाकर खेल रहे हैं।
10:10 PM: शेन वाटसन पंजाब की पारी का चौथा ओवर डाल रहे हैं। मनन वोहरा ने उनके ओवर की पहली गेंद को प्वाइंट बाउंड्री लाइन के बाहर चार रनों के लिए भेज दिया। दूसरी गेंद भी सीमा रेखा के पार चार रनों के लिए गई। तीसरी गेंद पर मनन वोहरा ने तीन रन लिए।
10:07 PM: तीसरे ओवर की समाप्ति के बार पंजाब ने बिना किसी नुकसान के 26 रन बना लिए हैं। हाशिम अमला 14 और मनन वोहरा 11 रन बनाकर खेल रहे हैं।
10:03 PM: दूसरे ओवर की समाप्ति के बाद पंजाब का स्कोर 14/0, मनन वोहरा 2 और हाशिम अमला 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
10:00 PM: पहले ओवर की समाप्ति पर पंजाब ने बिना किसी विकेट के नुकसान के 6 रन बना लिए हैं। इकबाल अब्दुल्ला दूसरा ओवर कर रहे हैं।
9:57 PM: पंजाब की पारी शुरू हो चुकी है। हामिम अमला और मनन वोहरा की जोड़ी क्रीज पर मौजूद है। आरसीबी की तरफ से स्टेनलेक ने गेंदबाजी की शुरुआत की है।
9:41 PM: आरसीबी की पारी का आखिरी ओवर मोहित शर्मा कर रहे हैं। पहली गेंद पर डीविलियर्स को सिर्फ एक रन मिला है। दूसरी गेंद बाउंसर थी और उस पर कोई रन नहीं बना है। तीसरी गेंद पर बिन्नी ने सिर्फ एक रन लिया है। चौथी गेंद पर डीविलिर्स कोई रन नहीं ले पाए। पांचवीं गेंद पर डीविलियर्स ने छक्के के लिए भेज दिया। पारी की आखिरी गेंद पर डीविलियर्स ने गेंद को स्टेडियम के बाहर पहुंचा दिया। आरसीबी ने पंजाब के सामने जीत के लिए 149 रनों का लक्ष्य दिया है।
9:35 PM: एबी डीविलियर्स ने 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौका और तीसरी गेंद पर छक्का जड़ा है। चौथी गेंद पर डीविलियर्स ने आसमानी छक्का लगाया है। पांचवीं गेंद खाली गई। आखिरी गेंद पर डीविलियर्स ने एक रन लेकर आरसीबी का स्कोर 19वें ओवर की समाप्ति पर 134/4 तक पहुंचा दिया है।
9:29 PM: 18वें ओवर की समाप्ति पर आरसीबी का स्कोर 115/4, एबी डीविलियर्स 59 और स्टुअर्ट बिन्नी 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।
9:29 PM: स्टुअर्ट बिन्नी ने पंजाब के लिए 18वां ओवर कर रहे मोहित शर्मा की पहली और दूसरी गेंद पर क्रमश: छक्का और चौका जड़ा है। तीसरी गेंद पर बिन्नी ने सिंगल लेकर स्ट्राइक डीविलियर्स को दे दिया है।
9:23 PM: 17वें ओवर की समाप्ति के बाद आरसीबी का स्कोर 96/4, एबी डीविलियर्स ने छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया।
9:17 PM: 16वें ओवर की समाप्ति पर आरसीबी का स्कोर 80-4, डीविलियर्स 38 और बिन्नी 3 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। वरुण एरोन ने अपने चार ओवर के कोटे में 21 रन देकर दो विकेट हासिल किया।
9:12 PM: आरसीबी की पारी का 15वां ओवर अक्षर पटेल कर रहे हैं। उन्होंने अपने ओवर की पहली पांच गेंदों पर सिर्फ एक रन दिया है। आखिरी गेंद पर डीविलियर्स कोई रन नहीं बना पाए। अक्षर पटेल ने अपने कोटे के चार ओवर में 12 रन देकर एक विकेट हासिल किया। 15वें ओवर की समाप्ति पर आरसीबी का स्कोर 71-4
9:06 PM: वरुण एरोन ने मनदीप सिंह को रिद्धिमान साहा के हाथों कैच आउट करा कर आरसीबी के चौथे विकेट का पतन किया। मनदीप सिंह ने आउट होने से पहले 34 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाए। आरसीबी का स्कोर 68-4
9:04 PM: अक्षर पटेल ने अब तीन ओवर में मात्र 11 रन देकर शेन वाटसन का विकेट चटकाया है। किंग्स इलेवन पंजाब ने 13वें ओवर की समाप्ति पर तीन विकेट गवांकर 68 रन बना लिए हैं।
9:02 PM: 12वें ओवर की समाप्ति के बाद आरसीबी का स्कोर 65/3, डीविलियर्स 29 और मनदीप 26 रन बनाकर खेल रहे हैं।
8:59 PM: पंजाब के गेंदाबजों ने अब तक कसी हुई गेंदबाजी की है। आरसीबी के बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना पा रहे हैं। एबी डीविलियर्स और मनदीप सिंह ने पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों में 39 रन की साझेदारी की है।
8:57 PM: आरसीबी की पारी का ग्यारहवां ओवर अक्षर पटेल कर रहे हैं। पहली गेंद पर मनदीप सिंह ने सिंगल लेकर स्ट्राइक डीविलियर्स को दे दिया। अगली दो गेंदों पर डीविलियर्स रन नहीं बना पाए, चौथी गेंद पर उन्होंने सिंगल लिया, अगली गेंद पर मनदीप सिंह ने सिंगल लिया। आखिरी गेंद पर एक रन लेकर डीविलियर्स ने स्ट्राइक अपने पास रखी।
8:54 PM: आरसीबी ने दस ओवर की समाप्ति पर 53/3 रन बना लिए हैं। एबी डीविलियर्स 24 और मनदीप सिंह 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
8:49 PM: मनदीप सिंह ने पुल शॉट के जरिए टी नटराजन की गेंद पर पहले 88 मीटर लंबा छक्का लगाया। एसकी अगली गेंद पर चौका जड़ आरसीबी का स्कोर 47/3 पहुंचाया। नौ ओवर समाप्त हो चुके हैं। आरसीबी के बल्लेबाज 6 की औसत से भी रन नहीं बना पा रहे हैं। ण्बी डीविलियर्स क्रीज पर मौजूद हैं।
8:42 PM: एबी डीविलियर्स आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे हैं। वह चोट के कारण आरसीबी के लिए शुरुआती दो मैच नहीं खेल सके थे। आठ ओवर की समाप्ति पर पंजाब की टीम ने तीन विकेट गवांकर 34 रन बनाए हैं। डीविलियर्स 19 और मनदीप 6 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
8:39 PM: पति पर IPL टीम के मालिक ने कसा तंज तो आगे आईं साक्षी धोनी, इस फोटो के जरिए दिया जवाब
8:38 PM: इस मैच में दोनों टीमों की अंतिम एकादश
#IPL Match 8 – Here are the Playing XIs for @lionsdenkxip vs. @RCBTweets #KXIPvRCB pic.twitter.com/UZ8GDzTAbb
— IndianPremierLeague (@IPL) April 10, 2017
8:37 PM: चौथे ओवर की समाप्ति पर बेंगलुरु ने तीन विकेट के नुकसान पर 31 रन बना लिए हैं। एबी डीविलियर्स 19 और मनदीप सिंह 3 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
8:28 PM: वरुण एरोन गेंदबाजी कर रहे हैं। उनके ओवर की पहली तीन गेंदों पर तीन रन बना है। चौथी गेंद पर एरोन ने केदार जाधव को पगबाधा आउट कर आरसीबी को तीसरा झटका दिया है। स्कोर 22-3
8:26 PM: संदीप शर्मा ने विष्णु विनोद को मैक्सवेल के हाथों कैच आउट कराया। आरसीबी को दूसरा झटका लगा। विनोद 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
8:17 PM: एबी डीविलियर्स ने छक्के के साथ मोहित शर्मा के ओवर का अंत किया। आरसीबी ने तीन ओवर की समाप्ति पर 18/1 रन बना लिए हैं।
8:12 PM एबी डीविलियर्स ने आईपीएल 2017 में पहली गेंद का समाना किया और चौके के साथ इस सत्र की शुरुआत की। आरसीबी ने 2 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट गंवाकर सात रन बना लिए हैं।
8:07 PM: अक्षर पटेल ने पहले ही ओवर में आरसीबी को बड़ा झटका दिया है। कप्तान शेन वाटसन 1 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए हैं।
7:55 PM: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान शेन वाटसन ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। बेंगलुरु के लिए इस मैच में अच्छी खबर है और धाकड़ बल्लेबाज एबी डीविलियर्स चोट से उबरकर इस मैच से क्रिकेट मैदान पर वापसी कर रहे हैं।

